अमेरिका: उत्तरी कैलिफोर्निया के पुस्तकालय में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत, संदिग्ध हिरासत में
अमेरिका: उत्तरी कैलिफोर्निया के पुस्तकालय में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत, संदिग्ध हिरासत में
चिको, 23 जून (एपी) अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया के एक पुस्तकालय में हुई गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई और एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शहर के पुलिस प्रमुख बिली एल्ड्रिज ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सोमवार शाम पांच बजे के बाद पुलिस को ‘ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी’ की चिको शाखा के अंदर गोलियां चलने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस अधिकारी पुस्तकालय के अंदर पहुंचे, तो संदिग्ध पीछे के रास्ते से भाग निकला।
एल्ड्रिज के अनुसार, पुस्तकालय के पीछे मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
उन्होंने बताया, “आज शाम हुई घटना जाहिर तौर पर बेहद दुखद और कई लोगों के लिए बहुत सदमे वाली थी। हमारे समुदाय के लिए यह बहुत ही दुखद घटना है।”
पुस्तकालय के आस-पास की सड़कों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया और इमारत के अंदर मौजूद लोगों को अपने परिवार के सदस्यों से मिलाने के लिए एक केंद्र बनाया गया।
एक बच्चे को भी मामूली चोट के कारण अस्पताल ले जाया गया।
एल्ड्रिज ने बताया कि जनता को कोई गंभीर खतरा नहीं है और पुलिस इस गोलीबारी की जांच कर रही है।
पुलिस ने संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की और न ही इस बारे में कोई जानकारी दी कि गोलीबारी की वजह क्या थी।
पुलिस ने बताया कि हमलावर ने अकेले ही इस घटना को अंजाम दिया।
एपी जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


