ब्रिटेन में ‘अच्छी आर्थिक वृद्धि’ के लिए देंगे ‘सर्किट ब्रेकर’ : भावी प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम का वादा
ब्रिटेन में ‘अच्छी आर्थिक वृद्धि’ के लिए देंगे 'सर्किट ब्रेकर’ : भावी प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम का वादा
(अदिति खन्ना)
लंदन, 29 जून (भाषा) लेबर पार्टी के अगले नेता के रूप में मौजूदा प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे एंडी बर्नहम ने सोमवार को देश को वह “सर्किट ब्रेकर” (नीतिगत सुरक्षा कवच) देने का वादा किया, जिसकी जरूरत देश के हर क्षेत्र में “समावेशी और गुणवत्तापूर्ण आर्थिक विकास” सुनिश्चित करने के लिए है।
उप चुनाव में मेकरफील्ड से सांसद चुने जाने के बाद वेस्टमिंस्टर की राजनीति में लौटने पर, ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व महापौर ने अपने पहले बड़े नीतिगत संबोधन में “मैनचेस्टरवाद” मॉडल के लिए अपना नजरिया पेश किया। इस मॉडल में इंग्लैंड के अलग-अलग इलाकों को ज़्यादा अधिकार देने की बात कही गई है।
बर्नहम ने सोमवार को कहा कि उनकी सत्ता के विकेंद्रीकरण की योजना के तहत निर्णय लेने की शक्तियां लंदन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय ‘10 डाउनिंग स्ट्रीट’ से निकालकर उत्तरी इंग्लैंड में प्रस्तावित नए ‘नंबर 10 नॉर्थ’ को सौंपी जाएंगी।
उन्होंने कहा, “मैं वेस्टमिंस्टर में ज़्यादा मिल-जुलकर काम करने वाली राजनीति को बढ़ावा देकर ब्रिटेन को ज़रूरी ‘सर्किट ब्रेकर’ देने जा रहा हूं। इसके लिए मैं सत्ता को केंद्र से हटाकर उन लोगों और जगहों के हाथों में सौंपूंगा जो इसका सबसे बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं।”
बर्नहम फिलहाल अकेले उम्मीदवार हैं, इसलिए संभावना है कि लेबर पार्टी की नेशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी (एनईसी) द्वारा 16 जुलाई तक नामांकन की प्रक्रिया खत्म करने के बाद वे जुलाई के मध्य तक निर्विरोध नए पार्टी नेता चुन लिए जाएंगे।
भाषा प्रशांत संतोष
संतोष

Facebook


