यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की
Modified Date: August 30, 2025 / 09:04 pm IST
Published Date: August 30, 2025 9:04 pm IST

तियानजिन, 30 अगस्त (भाषा) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। इस दौरान, मोदी ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के भारत के दृढ़ एवं सतत रुख को दोहराया।

प्रधानमंत्री ने जेलेंस्की से यह भी कहा कि भारत यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।

मोदी और जेलेंस्की के बीच यह बातचीत चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन से इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री की प्रस्तावित मुलाकात से दो दिन पहले हुई है।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति जेलेंस्की को आज फोन पर बात करने के लिए धन्यवाद। हमने यूक्रेन संघर्ष, उसके मानवीय पहलू और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत इस दिशा (संघर्ष के समाधान) में सभी प्रयासों को पूर्ण समर्थन देता है।”

प्रधानमंत्री एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार शाम तियानजिन पहुंचे।

मोदी से फोन पर हुई बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने यूक्रेन से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर अपना रुख साझा किया।

भारत की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मोदी ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के नयी दिल्ली के “दृढ़ एवं सतत रुख” की पुष्टि की और शांति की शीघ्र बहाली के प्रयासों के प्रति समर्थन जताया।

बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इस संबंध में हर संभव मदद मुहैया कराने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

इसमें कहा गया है, “दोनों नेताओं ने भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय साझेदारी में प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने आपसी हित के सभी क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने के तौर-तरीकों पर भी चर्चा की।”

भाषा पारुल माधव

माधव


लेखक के बारे में