अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के दो और तेल टैंकरों को निष्क्रिय किया
अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के दो और तेल टैंकरों को निष्क्रिय किया
दुबई, नौ मई (एपी) अमेरिकी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी बलों के साथ गोलीबारी के बाद ईरान के दो तेल टैंकरों पर हमला कर उन्हें निष्क्रिय कर दिया। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरान द्वारा एक और मिसाइल तथा ड्रोन हमला किए जाने की सूचना दी।
शुक्रवार को हुए हमलों के कारण अमेरिका एवं ईरान के बीच के नाजुक युद्धविराम को लेकर संदेह और गहरा गया है। अमेरिका युद्ध समाप्त करने, जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और तेहरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने से जुड़े समझौते के अपने ताजा प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि उन्हें ईरान से ‘‘एक गंभीर प्रस्ताव’’ मिलने की उम्मीद है।
अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को कहा कि उसके बलों ने ईरान के उन दो टैंकर को निष्क्रिय कर दिया, जो ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। इससे कुछ घंटे पहले सेना ने कहा था कि उसने नौसेना के तीन पोतों पर हमलों को नाकाम किया और जवाबी कार्रवाई में जलडमरूमध्य में ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए।
अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को युद्ध शुरू किए जाने के बाद से ईरान ने वैश्विक ऊर्जा के लिए अहम इस जलमार्ग को काफी हद तक अवरुद्ध कर रखा है, जिससे ईंधन की कीमतों में वैश्विक स्तर पर तेज वृद्धि हुई है। अमेरिका ने भी ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी की है।
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान द्वारा दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों और तीन ड्रोन को रोकने के लिए वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय की गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। यह स्पष्ट नहीं है कि सभी मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक रोका गया या नहीं।
एपी सिम्मी सुरेश
सुरेश

Facebook


