ईरान के खिलाफ ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट की अमेरिकी नेताओं ने की आलोचना
ईरान के खिलाफ ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट की अमेरिकी नेताओं ने की आलोचना
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, पांच अप्रैल (भाषा) ईरान के खिलाफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट में इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर कई अमेरिकी नेताओं ने उनकी आलोचना की है।
ट्रंप ने रविवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगर अवरुद्ध होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला गया, तो ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों पर हमले किए जाएंगे।
ट्रंप ने ‘‘अत्यंत आपत्तिजनक’’ भाषा का इस्तेमाल करते हुए ईरान को चेतावनी दी कि अगर जलमार्ग को समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला गया, तो ईरान को ‘‘नरक बना दिया जाएगा’’।
उन्होंने ईरान के भीतर मार गिराए गए एक लड़ाकू विमान के चालक दल के लापता सदस्य को बचाने के लिए अमेरिकी सशस्त्र बलों द्वारा अभियान चलाए जाने के कुछ घंटे बाद यह पोस्ट साझा की।
रिपब्लिकन पार्टी की नेता एवं पूर्व सांसद मार्जोरी टेलर ग्रीन ने कहा कि राष्ट्रपति ‘‘पागल हो गए हैं’’।
ग्रीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ईस्टर की सुबह राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बयान पोस्ट किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके प्रशासन में जो भी खुद को ईसाई बताता है, उसे घुटनों के बल बैठकर ईश्वर से माफी मांगनी चाहिए, राष्ट्रपति की पूजा करना बंद करना चाहिए और ट्रंप के इस पागलपन में हस्तक्षेप करना चाहिए।’’
डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता एवं सांसद टिम केन ने ट्रंप प्रशासन की इस ‘‘बयानबाजी’’ को ‘‘शर्मनाक और बचकाना’’ करार दिया।
सीनेट की सशस्त्र सेवा एवं विदेश संबंध समितियों के सदस्य केन ने एनबीसी न्यूज (नेशनल ब्रॉडकास्टिंग कंपनी न्यूज) से कहा, ‘‘व्हाइट हाउस कृपया ऐसी बयानबाजी कम करे। हालांकि मुझे राष्ट्रपति से इसकी उम्मीद नहीं है। ऐसे बयान देकर पायलटों जैसे लोगों को और अधिक खतरे में डालने की जरूरत नहीं है।’’
डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता एवं सांसद बेका बालिंट ने ‘एमएस नाउ’ के ‘द वीकेंड’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘यह घृणित है।…हैरानी की बात है कि यह हमारे राष्ट्रपति हैं।’’
सांसद चक शूमर ने अमेरिका के राष्ट्रपति को ‘‘संतुलन खो चुका पागल व्यक्ति’’ कहा।
शूमर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईस्टर की शुभकामनाएं, अमेरिका। जब आप चर्च जा रहे हैं और दोस्तों एवं परिवार के साथ जश्न मना रहे हैं, तब अमेरिका के राष्ट्रपति संतुलन खो चुके पागल व्यक्ति की तरह सोशल मीडिया पर बकवास कर रहे हैं।’’
डेमोक्रेटिक नेता क्रिस मर्फी ने कहा, ‘‘अगर मैं ट्रंप के मंत्रिमंडल में होता, तो मैं ईस्टर पर 25वें संशोधन के बारे में संवैधानिक वकीलों को फोन कर रहा होता। यह पूरी तरह दिमागी संतुलन खो देने की स्थिति है। वह पहले ही हजारों लोगों को मरवा चुके हैं। वह हजारों और लोगों को मरवाएंगे।’’
अमेरिका का 25वां संशोधन मंत्रिमंडल को यह अधिकार भी देता है कि वह राष्ट्रपति को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने में अक्षम घोषित करने के बाद उन्हें पद से हटा सके।
भाषा
सिम्मी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


