अमेरिकी सैन्य सचिव की यूक्रेन शांति वार्ता में मदद के लिए जेलेंस्की से मुलाकात की योजना : अधिकारी

अमेरिकी सैन्य सचिव की यूक्रेन शांति वार्ता में मदद के लिए जेलेंस्की से मुलाकात की योजना : अधिकारी

अमेरिकी सैन्य सचिव की यूक्रेन शांति वार्ता में मदद के लिए जेलेंस्की से मुलाकात की योजना : अधिकारी
Modified Date: November 20, 2025 / 10:02 am IST
Published Date: November 20, 2025 10:02 am IST

वाशिंगटन, 20 नवंबर (एपी) अमेरिकी सैन्य सचिव डैन ड्रिस्कॉल समेत उच्च-पदस्थ कई सैन्य अधिकारी शांति वार्ता में मदद के लिए यूक्रेन पहुंचे हैं। अमेरिका के अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

ड्रिस्कॉल एवं सेना के अन्य अधिकारी ऐसे समय में यूक्रेन गए हैं जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के प्रयास ठप पड़े हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि ड्रिस्कॉल लंबे समय से यूक्रेन की ड्रोन युद्ध तकनीक और रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए इस यात्रा की योजना बना रहे थे, लेकिन पिछले सप्ताह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें ‘‘विशेष प्रतिनिधि’’ के रूप में नामित किया ताकि शांति वार्ता को बहाल किया जा सके और हालात का आकलन किया जा सके।

उन्होंने पुष्टि की कि ड्रिस्कॉल इस सप्ताह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ-साथ शीर्ष सरकारी, सैन्य एवं रक्षा उद्योग अधिकारियों से मिलेंगे।

यूक्रेन की अमेरिका में राजदूत ओल्गा स्टेफानिशीना ने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने अपनी यात्रा की शुरुआत यूक्रेन के रक्षा मंत्री डेनीस श्मिहाल से मुलाकात के साथ की, जहां उन्हें युद्धक्षेत्र की स्थिति और रक्षा जरूरतों के बारे में जानकारी दी गई।

बहरहाल, यूक्रेनी अधिकारियों ने रूस के साथ शांति वार्ता की किसी चर्चा का उल्लेख नहीं किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस के उप प्रमुख स्टीफन मिलर ने नए शांति प्रस्ताव पर टिप्पणी करने से इनकार किया, लेकिन कहा कि राष्ट्रपति का उद्देश्य यूरोप में शांति स्थापित करना और निर्दोष लोगों की जान बचाना है।

एपी गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में