वेनेजुएला भूकंप : वैश्विक नेताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए मदद की पेशकश की
वेनेजुएला भूकंप : वैश्विक नेताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए मदद की पेशकश की
काराकस, 25 जून (एपी) वेनेजुएला में शक्तिशाली भूकंप से हुई भारी तबाही के बीच वैश्विक नेताओं ने बृहस्पतिवार को एकजुटता का संदेश देते हुए प्रभावित देश को हरसंभव मदद की पेशकश की।
वेनेजुएला में बुधवार शाम लगातार दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई और लगभग 1000 लोग घायल हो गए। भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गईं।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिका विनाशकारी भूकंप के बाद वेनेजुएला के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। तुरंत खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता वेनेजुएला भेजी जा रही है।’’
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने वेनेजुएला के लोगों के प्रति समर्थन जताया और कहा कि खोज एवं बचाव के कामों में माहिर 85 फ्रांसीसी बचाव कर्मियों की एक टीम को तुरंत वेनेजुएला भेजा जा रहा है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने वेनेजुएला सरकार की बचाव एवं राहत अभियान की कोशिशों में उसका समर्थन करने के लिए अपने देश का ‘‘संकल्प’’ जताया और कहा कि प्रभावित देश की हरसंभव मदद की जाएगी।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने वेनेजुएला में भूकंप से हुई तबाही पर चिंता जताई और कहा, ‘‘वेनेजुएला की जरूरतों के अनुसार, चीन अपनी क्षमता के मुताबिक़ उसे मदद देने को तैयार है।’’
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा, ‘‘कल रात आए विनाशकारी भूकंप के बाद वेनेजुएला के लोगों को मेरी और स्पेन की ओर से पूरा समर्थन।’’
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष

Facebook


