बिहार : कांग्रेस ने लोकभवन के समक्ष किया प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
बिहार : कांग्रेस ने लोकभवन के समक्ष किया प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
पटना, 21 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की बिहार इकाई ने राष्ट्रीय राजधानी में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों के विरोध में मंगलवार शाम यहां लोक भवन के समक्ष धरना दिया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (बीपीसीसी) के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देर शाम धरना दिया। इससे कुछ घंटे पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा सहित अन्य नेताओं को प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने के दौरान दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था।
कांग्रेस नेताओं ने ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
एआईसीसी में बिहार मामलों के सह-प्रभारी सुशील पासी और कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास सहित अन्य नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि यह ‘‘अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों की आवाज दबाने का प्रयास’’ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर से शुरू हुए प्रदर्शन के सिलसिले में दर्ज प्राथमिकी में नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ आवाज उठाने वाले ‘‘निर्दोष छात्रों’’ को भी नामजद किया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट प्रश्नपत्र लीक के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराए जा रहे धर्मेंद्र प्रधान को ‘‘नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए।’’
भाषा कैलाश धीरज
धीरज

Facebook


