बिहार सरकार अपराधियों के आगे नहीं झुकेगी, दोषी बख्शा नहीं जाएगा: मुख्यमंत्री

बिहार सरकार अपराधियों के आगे नहीं झुकेगी, दोषी बख्शा नहीं जाएगा: मुख्यमंत्री

बिहार सरकार अपराधियों के आगे नहीं झुकेगी, दोषी बख्शा नहीं जाएगा: मुख्यमंत्री
Modified Date: June 22, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: June 22, 2026 10:07 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

पटना, 22 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार अपराधियों के आगे नहीं झुकेगी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चेतावनी दी कि वे किसी भी भ्रम में न रहें, क्योंकि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार को अपराधमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

चौधरी ने कहा, ‘‘बिहार सरकार अपराधियों के आगे नहीं झुकेगी। अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चला रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।’’

मुख्यमंत्री का यह बयान भोजपुर जिले में हाल में हुए कथित पुलिस मुठभेड़ प्रकरण को लेकर जारी विवाद के बीच आया है। पिछले सप्ताह भोजपुर जिले में भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के बाद राज्य में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की जन्मभूमि बिहार है। उन्होंने कहा कि देश ने मुगल शासन, ब्रिटिश शासन और उसके बाद लंबे समय तक कांग्रेस का शासन देखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार मिल रहे हैं।’’

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में हाल में किए गए बदलाव को लेकर उठे विवाद पर चौधरी ने कहा, ‘‘राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को केवल अपने परिवार और आवास की चिंता है। राजद प्रमुख और उनके परिवार की सुरक्षा में लगभग 150 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। यदि सुरक्षा संसाधनों का बड़ा हिस्सा एक व्यक्ति और उसके परिवार पर ही केंद्रित कर दिया जाए तो अति पिछड़े वर्गों की सुरक्षा प्रभावित होगी।’’

राज्य के गृह विभाग ने हाल में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी सहित उनके परिवार के कई सदस्यों की सुरक्षा श्रेणी में बदलाव किया था। दोनों को पहले ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी।

इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद उस समय और बढ़ गया जब लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना स्थित अपने सरकारी आवासों के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस लौटा दिया। सरकार ने तेज प्रताप यादव को प्रदान की गई ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली है।

भाषा कैलाश

धीरज

धीरज


लेखक के बारे में