समस्तीपुर छेड़खानी मामले में तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
समस्तीपुर छेड़खानी मामले में तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
(फाइल फोटो के साथ)
पटना, 24 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ कथित सरेआम छेड़खानी की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को बिहार सरकार पर निशाना साधा और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
तेजस्वी यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा कि यह घटना “प्रत्यक्ष प्रमाण है कि भाजपा शासित बिहार में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री ऐसी घटनाओं को “छिटपुट” बताकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करेंगे।
बिहार विधानसभा में नेता विरोधी दल तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जातीय आधार पर की जाती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार मामले को दबाने का प्रयास कर सकती है।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने समस्तीपुर में युवती से कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर सरकार का बचाव करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि केवल सरकार को घेरने के बजाय यह भी समझने की जरूरत है कि ऐसे वीडियो किन परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा कि इन घटनाओं को केवल राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह भी विचार करने का विषय है कि आखिर कोई व्यक्ति अपराध करने के बाद उसका वीडियो रील की तरह सोशल मीडिया पर क्यों डालता है, जबकि उसे पता है कि वीडियो प्रसारित होते ही पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
मंत्री ने कहा, ‘‘अपराध होता है, लेकिन अपराधी खुद सबूत सार्वजनिक कर दे, यह सामान्य बात नहीं लगती। इस पहलू की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।’’
इस बीच, समस्तीपुर पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार, राहुल कुमार, सुभाष सहनी और अवधेश पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
भाषा कैलाश
मनीषा राजकुमार
राजकुमार

Facebook


