बिहार : मुहर्रम जुलूस में वर्दी पहनकर तलवार लहराने के आरोप में दारोगा को ‘कारण बताओ’ नोटिस

बिहार : मुहर्रम जुलूस में वर्दी पहनकर तलवार लहराने के आरोप में दारोगा को ‘कारण बताओ’ नोटिस

बिहार : मुहर्रम जुलूस में वर्दी पहनकर तलवार लहराने के आरोप में दारोगा को ‘कारण बताओ’ नोटिस
Modified Date: June 27, 2026 / 07:08 pm IST
Published Date: June 27, 2026 7:08 pm IST

पटना, 27 जून (भाषा) बिहार पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान वर्दी पहनकर तलवार लहराने के आरोप में एक पुलिस अधिकारी को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।

पुलिस अधिकारी की पहचान जिले के कांटी थाने में तैनात उपनिरीक्षक मुस्तकीम खान के रूप में हुई है।

घटना की पुष्टि करते हुए मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वीडियो में दिखाई दे रहे अधिकारी को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया गया है और उन्हें पुलिस लाइन भेजा जाएगा।’’

मुजफ्फरपुर (पश्चिम) की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया वीडियो शुक्रवार का प्रतीत होता है और तलवार लहराते दिख रहे पुलिस अधिकारी की पहचान एक उपनिरीक्षक के रूप में हुई है। हालांकि, घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।’’

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में