बिहार को बनाएंगे और सुंदर, पटना में विकसित होगी आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप : सम्राट चौधरी

बिहार को बनाएंगे और सुंदर, पटना में विकसित होगी आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप : सम्राट चौधरी

बिहार को बनाएंगे और सुंदर, पटना में विकसित होगी आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप : सम्राट चौधरी
Modified Date: June 19, 2026 / 09:51 pm IST
Published Date: June 19, 2026 9:51 pm IST

पटना, 19 जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि बिहार को और सुंदर बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पटना देश के सबसे प्राचीन और गौरवशाली शहरों में से एक है तथा इसकी ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक विकास के साथ जोड़ने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत पटना नगर निगम, पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड और बुडको द्वारा कार्यान्वित विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प के अनुरूप शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

चौधरी ने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत 11.44 करोड़ रुपये की लागत से ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर आधारित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क का शिलान्यास किया गया है जहां लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जीवन और विचारों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का एक अनूठा केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पूरे शहर में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सब्जी हाट योजना लागू की जाएगी, फलस्वरूप नागरिकों को बेहतर बाजार सुविधाएं उपलब्ध होंगी और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम बनेगी।

चौधरी ने कहा कि आने वाले दिनों में ‘पाटलिपुत्र’ नाम से एक आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पटना में लगभग 66,000 एकड़ क्षेत्र में इस टाउनशिप का विकास किया जाएगा, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की आवासीय, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, व्यावसायिक और मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि इन विकास योजनाओं से पटना न केवल आधुनिक शहरी विकास का नया मॉडल बनेगा, बल्कि अपने ऐतिहासिक गौरव और सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक शहर को विकास, स्वच्छता और सुशासन का आदर्श केंद्र बनाना है।

इससे पहले आईटी उद्योग और स्टार्टअप संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ‘बिहार टेक’ पोर्टल विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में निवेश, नवाचार और उद्यमिता को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 11 नए सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि की कोई कमी नहीं है तथा किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा दिया जा रहा है।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में