मुजफ्फरपुर में रहस्यमय परिस्थितियों में महिला और उसके दो बच्चों के शव मिले

मुजफ्फरपुर में रहस्यमय परिस्थितियों में महिला और उसके दो बच्चों के शव मिले

मुजफ्फरपुर में रहस्यमय परिस्थितियों में महिला और उसके दो बच्चों के शव मिले
Modified Date: April 28, 2026 / 07:21 pm IST
Published Date: April 28, 2026 7:21 pm IST

मुजफ्फरपुर, 28 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपु जिले में एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों के शव मंगलवार को उनके घर में रहस्यमय परिस्थितियों में पाए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना जिले के कांटी थाना क्षेत्र के मधुबन जगदीश गांव की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश सिंह प्रभाकर ने कहा, ‘‘पुलिस को सूचना मिली कि 30 वर्ष की महिला और उसके दो छोटे बच्चे, जिनकी उम्र तीन वर्ष से कम है, मंगलवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए। घटनास्थल के पास एक रस्सी मिली है और प्रथम दृष्टया मृतकों के गले पर गला दबाने के निशान प्रतीत हो रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

एसपी ने कहा, ‘‘मृतका के पति ने बताया कि उसका पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई के साथ जमीन विवाद और बंटवारे का मुकदमा चल रहा है। उसने आरोप लगाया है कि चचेरे भाई के परिवार के सदस्य अक्सर धमकी देते थे और उन्होंने ही साजिश रचकर उसकी पत्नी और बेटियों की हत्या कराई है।’’

एक अन्य पुलिस अधिकारी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि फॉरेंसिक विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और जब्त रस्सी समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘परिजनों के आरोपों के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ठोस साक्ष्य मिलने पर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।’’

भाषा कैलाश

संतोष

संतोष


लेखक के बारे में