पटना, 19 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ ने शनिवार को कहा कि वह एक दिन पहले यहां आयोजित जनता दल (यूनाइटेड) के बहुचर्चित ‘‘ओरिएंटेशन कार्यक्रम’’ में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वह अन्य व्यस्तताओं के कारण राज्य से बाहर थे। उन्होंने पार्टी में मतभेद की अटकलों को भी खारिज किया।
जद (यू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपनी अनुपस्थिति का कारण बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत तथा कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा को बता दिया था।
निशांत जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार के पुत्र है।
मुंगेर के सांसद ने कहा, ‘‘कार्यक्रम वाले दिन मैं गुजरात में था। मुझे कार्यक्रम की जानकारी भी नहीं थी। जाहिर है, इससे कुछ गलतफहमियां पैदा हुईं। मुझे पार्टी के कई विधायकों के फोन आए। कल रात करीब नौ बजे निशांत का भी फोन आया और मैंने उन्हें पूरी स्थिति समझाई।’’
ललन ने कहा, ‘‘मैंने संजय कुमार झा से भी बात की। उन्होंने मुझे आश्वस्त किया कि चिंता की कोई बात नहीं है और यह कार्यक्रम मुख्य रूप से उन लोगों के लिए आयोजित किया गया था, जो संसद या राज्य विधानसभा में नए हैं।’’
मीडिया में आई खबरों में दावा किया गया था कि शुक्रवार को अनुपस्थित रहकर ललन ने निशांत के साथ जुड़ रहे नए नेताओं के खिलाफ नाराजगी जताई है।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप