बिहार के नवगछिया में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत, कई घायल

Ads

बिहार के नवगछिया में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत, कई घायल

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 10:57 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 10:57 PM IST

भागलपुर, 24 फरवरी (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

नवगछिया की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना झंडापुर थाना क्षेत्र के बागड़ी पुल के पास हुई, जहां एक निजी बस, मैजिक वाहन और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब दस लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भागलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।

एसपी ने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का संभावित कारण प्रतीत हो रहा है।

हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चारों मृतकों की पहचान कटिहार जिले के समेली निवासी 40 वर्षीय अरविंद मंडल, खगड़िया जिले के मरार (मोरकाही) निवासी अमन निषाद के छह वर्षीय पुत्र कुनाल कुमार ,भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्टा गांव निवासी 35 वर्षीय पूरमी देवी और उनके पति 40 वर्षीय सुनील दास के रूप में हुई है।

भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने जेएलएनएमसीएच में भर्ती घायलों को देखने के बाद संवाददाताओं को बताया कि घायलों का इलाज बेहतर ढंग से हो रहा है। जेएलएनएमसीएच के सभी वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद हैं। घायल खतरे से बाहर हैं। जिलाधिकारी ने भी चार लोगों की मौत की पुष्टि की है।

भाषा

कैलाश रवि कांत