समस्तीपुर, तीन अप्रैल (भाषा) बिहार के समस्तीपुर जिले में शुक्रवार को मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने 30 वर्षीय लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे ताजपुर थाना क्षेत्र में हुई, जब वह व्यक्ति अपने दोपहिया वाहन से घर लौट रहा था।
मृतक की पहचान रेलवे में कार्यरत लोको पायलट प्रमोद कापर (30) के रूप में हुई है।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी (सदर-1 एसडीपीओ) संजय कुमार पांडेय ने कहा, “ताजपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और नजदीकी इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। छापेमारी की जा रही है।”
पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कापर ड्यूटी के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर गोलीबारी कर दी। उन्हें कई गोलियां लगीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
भाषा कैलाश संतोष
संतोष