नीतीश कुमार जनता के नहीं केवल अधिकारियों के मुख्यमंत्री: तेजस्वी यादव

नीतीश कुमार जनता के नहीं केवल अधिकारियों के मुख्यमंत्री: तेजस्वी यादव

नीतीश कुमार जनता के नहीं केवल अधिकारियों के मुख्यमंत्री: तेजस्वी यादव
Modified Date: February 7, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: February 7, 2026 10:30 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

पटना, सात फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर हमला बोलते हुए शनिवार को कहा कि नीतीश कुमार जनता के नहीं, बल्कि अधिकारियों के मुख्यमंत्री हैं।

तेजस्वी राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनके सम्मान के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार विधानसभा चुनाव में लोक हारा, तंत्र जीता। मुझे कहना पड़ेगा कि नीतीश कुमार जनता के नहीं, अधिकारियों के मुख्यमंत्री हैं।’’

राजद प्रमुख लालू प्रसाद के छोटे बेटे और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव को 25 जनवरी को यहां पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘लालू जी का आशीर्वाद लेकर मैंने संकल्प लिया है कि सबके सहयोग से पार्टी को मजबूत करूंगा और उसे न केवल राज्य स्तर पर, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाऊंगा।’’

तेजस्वी ने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब मुझे संगठनात्मक जिम्मेदारी मिली है और लालू जी की तरह मैं सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ूंगा और आंदोलनों का नेतृत्व करूंगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राजग नेताओं ने ‘लोकतंत्र’ को ‘डर तंत्र’ में बदल दिया है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव फर्जी मामलों, मनगढ़ंत मुकदमों और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग से जीते जाते हैं।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राजद कार्यकर्ताओं का मनोबल बहुत ऊंचा है और पार्टी पूरी ताकत से वापसी करेगी।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राजग नेता बिहार में विपक्ष की आवाज दबाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं, लेकिन पार्टी ऐसे डराने-धमकाने के तौर-तरीकों के सामने चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने, लालू प्रसाद यादव की विचारधारा को मजबूत करने और समाज के गरीब, शोषित तथा वंचित वर्गों के लिए काम करने का आह्वान किया।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मूल जनसरोकारों से ध्यान भटका रही है, छोटे कारोबारियों को परेशान कर रही है और किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं दे रही है।

उन्होंने घोषणा की कि 17 फरवरी को जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर पार्टी की द्वारा पटना में कर्पूरी ठाकुर स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

भाषा कैलाश धीरज

धीरज


लेखक के बारे में