बिहार : राजद ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार
बिहार : राजद ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए रेखा गुप्ता को बनाया उम्मीदवार
पटना, छह जुलाई (भाषा) बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद)ने सोमवार को रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया। इसी के साथ ही उन अटकलों पर विराम लग गया कि राजद नीत महागठबंधन इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का समर्थन कर सकता है।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाए जाने का फैसला ‘‘पूरे महागठबंधन का निर्णय’’ है। रेखा गुप्ता ने पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
मंडल ने कहा, ‘‘रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता ने नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें करीब 47 हजार वोट मिले थे। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफा देने से यह सीट रिक्त हुई है, इसलिए हमने उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।’’
राजद प्रदेश अध्यक्ष के साथ संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह भी मौजूद थे।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों ने पूछा कि अटकल थी कि महागठबंधन में शामिल कांग्रेस की इच्छा थी कि भाजपा के लंबे समय से गढ़ रहे बांकीपुर सीट पर पूरे विपक्ष की ओर से संयुक्त उम्मीदवार के रूप में प्रशांत किशोर का समर्थन किया जाए।
इसके जवाब में मंडल ने कहा, ‘‘हमने कांग्रेस नेतृत्व से इस तरह की कोई बात कभी नहीं सुनी है। आप निश्चिंत रहें कि रेखा गुप्ता की उम्मीदवारी को हमारे सभी सहयोगी दलों का समर्थन प्राप्त है। हमने ऐसी किसी सीट पर दावा नहीं किया है जहां हमारे सहयोगी पिछली बार चुनाव लड़ रहे थे। पिछली बार बांकीपुर सीट पर राजद ने चुनाव लड़ा था, इसलिए इस बार भी हम ही मैदान में हैं।’’
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभी तक बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। हालांकि अब तक जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के अलावा और राजद प्रमुख लालू प्रसाद के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल नाम से अलग पार्टी बना चुके तेज प्रताप यादव ने स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर चुके हैं।
भाषा कैलाश
धीरज
धीरज

Facebook


