बिहार में यात्री ट्रेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर में तीन घायल

Ads

बिहार में यात्री ट्रेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर में तीन घायल

  •  
  • Publish Date - December 12, 2021 / 06:48 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 12:29 PM IST

जहानाबाद (बिहार), 12 दिसंबर (भाषा) बिहार के जहानाबाद जिले में रविवार को ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की एक यात्री ट्रेन से टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए तथा ट्रेन का एक डिब्बा भी पटरी से उतर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पूर्व मध्य रेलवे जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जहानाबाद और नदौल रेलवे स्टेशन के बीच हुई।

अधिकारी ने बताया, ‘‘ गया-पटना मेमू यात्री ट्रेन के चालक ने आपात ब्रेक लगाया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। हालांकि, इस दौरान ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया।’’

दानापुर मंडल मुख्यालय और हाजीपुर के जोनल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं और कुछ घंटों में रेल यातायात बहाल हो जाएगा।

जहानाबाद जीआरपी पुलिस थाने के प्रभारी लल्लू सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया और चालक की तलाश जारी है। ट्रेन के बेहद करीब आने से वह वाहन छोड़कर भाग गया था। उन्होंने कहा कि पकड़े जाने पर चालक को ‘अवैध’ रूप से पटरियों से गुजरने के लिए सजा का सामना करना पड़ेगा। जिस जगह हादसा हुआ, वहां पर लेवल क्रॉसिंग नहीं है।

सिंह ने बताया कि तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

भाषा स्नेहा दिलीप

दिलीप