प्रावधान ठीक हुए तो यूसीसी का विरोध नहीं करेंगे: विजय कुमार चौधरी

Ads

प्रावधान ठीक हुए तो यूसीसी का विरोध नहीं करेंगे: विजय कुमार चौधरी

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 04:16 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 04:16 PM IST

पटना, 15 सितंबर (भाषा) बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि पार्टी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक का अध्ययन करेगी और अगर विधेयक के प्रावधानों में कोई आपत्तिजनक बात नहीं होगी तो पार्टी ‘‘बिना वजह इसका विरोध नहीं करेगी।’’

प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष चौधरी ने पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह बात कही।

शाह ने कहा था कि 2029 तक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित 22 राज्यों में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।

विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष चौधरी ने इस मुद्दे पर मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कड़े रुख से जदयू को अलग बताते हुए कहा कि राजद ने यूसीसी को ‘‘मुसलमानों के हितों के खिलाफ’’ बताते हुए बिहार में इसे लागू करने का विरोध करने का संकल्प लिया है।

जदयू के नेता ने कहा, ‘‘कृपया यह भ्रम दूर कर लीजिए कि हम राजद के इशारे पर चलते हैं। हम बिहार में सत्तारूढ़ राजग के सहयोगी हैं और सभी गठबंधन सहयोगियों से परामर्श के बाद ही निर्णय लेंगे।’’

जदयू के वरिष्ठ नेता एवं फुलवारीशरीफ विधायक श्याम रजक ने सोमवार को यूसीसी का जोरदार विरोध करते हुए दावा किया था कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुराने रुख के अनुरूप बोल रहे हैं।

रजक के अनुसार, नीतीश कुमार ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार से कहा था, ‘‘हम संसद में विधेयक का समर्थन करेंगे लेकिन बिहार में इसके लागू होने के पक्ष में नहीं हैं।’’

चौधरी ने हालांकि कहा, ‘‘इस मामले में जल्दबाजी की कोई जरूरत नहीं है।’’

उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि वह इस विषय पर स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री से बातचीत करेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘फिलहाल हमें यूसीसी कानून के विस्तृत प्रावधानों की जानकारी नहीं है। पहले विधेयक हमारे सामने आए। अगर उसमें कोई आपत्तिजनक बात नहीं होगी तो पार्टी बिना कारण उसका विरोध क्यों करेगी? और अगर कोई चिंता के बिंदु होंगे तो उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रखा जाएगा।’’

चौधरी ने एक अन्य सवाल पर कहा कि संजय कुमार झा द्वारा पार्टी का नाम बदलकर ‘‘जदयू नीतीश’’ करने के प्रस्ताव पर फैसला राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की अगली बैठकों में लिया जाएगा।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र