महाराष्ट्र: बेस्ट की बस मेट्रो के खंभे से टकराई, दो यात्री घायल

Ads

महाराष्ट्र: बेस्ट की बस मेट्रो के खंभे से टकराई, दो यात्री घायल

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 04:13 PM IST

मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) मुंबई के गोरेगांव इलाके में बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की बस एक कार को टक्कर मारने के बाद मेट्रो के खंभे जा टकराई, जिससे एक यात्री समेत दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की है।

उन्होंने बताया कि यह इलेक्ट्रिक बस ‘वेट-लीज’ (ऐसा समझौता जिसमें बस के अलावा चालक, रखरखाव और अन्य परिचालन सेवाएं भी ली जाती हैं) पर ली गई थी। बस जब ओबेरॉय मॉल लाल बत्ती के पास फ्लाईओवर के नीचे से भायंदर स्टेशन (पूर्व) की ओर जाते समय दाएं ओर मुड़ रही थी तभी वह एक कार के पिछले हिस्से को टक्कर मारने के बाद मेट्रो के खंभे से जा टकराई।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान बेस्ट के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत राजेंद्र मुरलीधर सोनावणे (58) और यात्री मंगेश रामचंद्र मोदलेकर (57) के रूप में हुई है।

अधिकारियों के मुताबिक, सोनावणे के सिर में चोट लगी है जबकि मोदलेकर के सिर एवं ठोड़ी में चोट आई है।

दुर्घटना का जायजा लेने आए निरीक्षण दल के कर्मचारियों ने दोनों घायलों को तत्काल जोगेश्वरी (पूर्व) स्थित ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि कार चालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

भाषा जितेंद्र सुरभि

सुरभि

सुरभि