परिवार का मान, जिले का सम्मान बढ़ाया, अपर्णा गुप्ता, उमरिया
परिवार का मान, जिले का सम्मान बढ़ाया, अपर्णा गुप्ता, उमरिया
कहते हैं वक्त बदलता है। अब देखिए न, कभी बेटियां परिवार में बोझ समझी जाती थीं, लेकिन आज बेटियां परिवार को मान और सम्मान दिला रही हैं। यहां उस बेटी की बात हो रही है जो है तो आध्यात्मिक प्रवृत्ति की, लेकिन पढ़ाई के प्रति उसकी लगन ऐसी है कि उसने न केवल जिला टॉप किया बल्कि प्रदेश में तीसरा स्थान भी हासिल किया है।
कभी परिवार में बोझ समझी जाने वाली बेटियां आज उत्कृष्ट स्थान हासिल कर परिवार के साथ-साथ समाज का नाम रोशन कर रही हैं और इसी का परिणाम देखने को मिला है उमरिया जिले के ग्राम मानपुर में, जहां पेशे से शिक्षक गजाधर गुप्ता की सबसे छोटी बेटी अपर्णा गुप्ता ने माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की 12वीं की परीक्षा में विज्ञान समूह से प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर परिवार और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। शिक्षक पिता की चार संतानें और चारों बेटियां हैं। सब पढ़ने में अव्वल रही हैं। शिक्षक गजाधर गुप्ता ने अपनी बेटियों को ही अपना मान समझा और पढ़ाई लिखाई से लेकर परवरिश तक मे कोई कोर कसर नही छोड़ी, जिसका परिणाम है कि गजाधर गुप्ता की सभी बेटियां अपने समय में टॉपर रही हैं। प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर परिवार और समाज का नाम रोशन करने वाली अपर्णा गुप्ता मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। अपर्णा बताती है कि पढ़ाई के दौरान उसे माता-पिता, बड़ी बहनों सहित स्कूल के शिक्षकों ने भरपूर सहयोग दिया। अपर्णा को पढ़ाई के अलावा चित्रकारी, खाना बनाना और बागवानी का भी शौक है। अपर्णा आध्यात्मिक प्रवृत्ति की है और रोजाना एक घंटे पूजा करना नहीं भूलती। अपर्णा ने मानपुर के नव ज्योति अकादमी उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई की। इसी विद्यालय की पढ़ने वाली अनामिका गुप्ता ने जिले में टॉप कर स्वर्ण शारदा स्कालरशिप 2017 में हासिल किया था। स्वर्ण शारदा स्कालरशिप 2017 में तत्कालीन लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के हाथों पुरस्कार लेते अनामिका गुप्ता की तस्वीर विद्यालय के प्रांगण में आज भी लगी हुई है। विद्यालय के प्राचार्य अशोक गौतम के मुताबिक यह तस्वीर विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को उत्कृष्ट अध्ययन के लिए प्रेरणा देती है।

Facebook


