‘नौकरी नहीं शुरू करना है अपना कारोबार’ , फाल्गुनी यादव, खरगोन
‘नौकरी नहीं शुरू करना है अपना कारोबार’ , फाल्गुनी यादव, खरगोन
सुबह उठकर सबसे पहले योगा और प्राणायाम ताकि पूरा दिन स्वस्थ और प्रसन्नता के साथ बीत सके। यह फंडा बना रखा था फाल्गुनी ने। फाल्गुनी रोजाना 17 किलोमीटर दूर स्कूल जाती थी फिर भी घर में प्रतिदिन 4 से 5 घंटे पढ़ाई करती थी।
खरगोन जिले के तहसील मुख्यालय गोगांवा के शाहपुरा में निवास करने वाली छात्रा फाल्गुनी पिता लखन यादव ने इस वर्ष 12वीं की बोर्ड परीक्षा में खरगोन जिले में टॉप किया है। खरगोन के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की छात्रा फाल्गुनी यादव ने गणित विषय लेकर 500 में से कुल 457 अंक प्राप्त कर खरगोन जिला सहित अपने गांव और समाज का नाम रोशन किया है। फाल्गुनी फिलहाल आईआईटी की तैयारी कर रही है और आगे चलकर यूपीएससी में चयन के लिए मेहनत करेगी। इसके अलावा फाल्गुनी का सपना है कि वह अपना खुद का व्यापार-व्यवसाय खोलकर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। फाल्गुनी के पिता लखन यादव पेशे से किसान है , साथ ही उनकी गोगांवा में खाद-बीज की दुकान भी है। फाल्गुनी बचपन से ही पढने में होशियार रही है। इसी का परिणाम है कि कक्षा 10वीं में अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हुई फाल्गुनी ने कक्षा 12वीं में श्रेष्ठ अंक लाकर पूरे खरगोन जिले में गणित संकाय में टॉप किया है। फाल्गुनी गोगांवा से करीब 17 किलोमीटर दूर खरगोन स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत थी। स्कूल से आने के बाद घर में भी प्रतिदिन करीब चार से पांच घंटे तक पढाई कर उसने यह मुकाम हासिल किया है। पढ़ाई के साथ-साथ फाल्गुनी अपनी मां के घरेलू कामों में भी हाथ बंटाती है। फाल्गुनी को पढाई के साथ-साथ कैरम खेलना, कविताएं-शायरी लिखना, साइकिल चलाना, रस्सी कूदना, योगा करना भी बेहद पसंद है। फाल्गुनी सुबह उठकर सबसे पहले योगा और प्राणायाम करती है ताकि पूरा दिन स्वस्थ और प्रसन्नता के साथ बीत सके। अपनी उपलब्धि पर फाल्गुनी का कहना है कि मुझे इस पर पूर्ण विश्वास था। IBC24 को धन्यवाद देते हुए फाल्गुनी यादव का कहना है कि IBC24 खासकर छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए मोटिवेट कर रहा है, जिससे छात्राएं और अच्छे से आगे की पढाई कर सकें। कई छात्राओं को इस तरह से मोटिवेशन नहीं मिल पाता है जिससे कई बार पढाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लेकिन IBC24 छात्राओं को इतनी सराहना दे रहा है जिससे वे धन्यवाद के पात्र है। वहीं छात्रा फाल्गुनी की माता दुर्गा यादव का कहना है कि मेरी बेटी जिले की टॉपर बनी है, हमें बहुत खुशी हो रही है। इसके अलावा छात्रा फाल्गुनी के पिता लखन यादव का कहना है कि बेटी की इस उपलब्धि पर हमें बेहद खुशी मिली है। फाल्गुनी की खुद की मेहनत की बदौलत वह जिले में टॉप स्थान पर आई है। हम चाहते है कि वह इसी तरह से आगे बढ़ती रहे और अपने जिले का नाम रौशन करती रहे।

Facebook


