दूध बेचने वाले पिता की ब्रिलियंट बिटिया ,साक्षी राठौर, खंडवा
दूध बेचने वाले पिता की ब्रिलियंट बिटिया ,साक्षी राठौर, खंडवा
इरादे मजबूत हों और मन में कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति हो तो सब कुछ संभव है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया खंडवा के एक दूध बेचने वाले की बेटी ने। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के बाद भी पढ़ाई के प्रति उसकी रुचि ऐसी है कि उसके स्कूल के प्राचार्य भी उसकी तारीफ करते नहीं थकते।
हायर सेकेंडरी परीक्षा में खंडवा की टॉपर बनी साक्षी राठौर विपरीत परिस्थितियों में कड़ी मेहनत करके बिना किसी कोचिंग के गणित और बायो संकाय से जिले में प्रथम रही है। साक्षी ने अब तक की अपनी पूरी पढ़ाई में सभी कक्षाओं में टॉप किया है और अब उसका लक्ष्य है आईएएस की परीक्षा पास कर कलेक्टर बनना। खंडवा के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा साक्षी राठौर ने हायर सेकेंडरी परीक्षा में गणित और बायो संकाय से 474 अंक लाकर खंडवा जिले में टॉप किया है। साक्षी का परिवार एक मध्यमवर्गीय परिवार है। साक्षी दूध बेचने वाले महेश राठौर की दूसरे नंबर की बेटी है। साक्षी की बड़ी बहन भी इंजीनियरिंग कर रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा ठीक नहीं है इसीलिए कोचिंग न जाते हुए साक्षी ने शासकीय स्कूल के शिक्षकों से ही अपने सभी विषयों की पढ़ाई की। साक्षी पढ़ाई के साथ साथ अपने परिवार में मां के साथ खाना बनाने और घर का कामकाज करने में भी वक्त देती थी। उसने कभी सोशल मीडिया का उपयोग नहीं किया। साक्षी रोजाना स्कूल के अलावा 6 घंटे पढ़ा करती थी। साक्षी का लक्ष्य है आईएएस की परीक्षा पास करना। साक्षी ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। मध्यम वर्गीय परिवार की बेटी चाहती है कि वह कलेक्टर बने और आर्थिक स्थिति से जूझ रहे ऐसे परिवारों की मदद करें, जो अपने बच्चों को अभाव के बीच पढ़ा नहीं पाते हैं। साक्षी कहती है कि जो माता-पिता आप को दे सकते हैं, उसमें संतुष्ट होना चाहिए और हम क्या कर सकते हैं, इस पर ध्यान देना चाहिए। साक्षी IBC24 के दिए जाने वाले स्कॉलरशिप को प्रेरणास्पद मानती है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खंडवा के प्राचार्य आरके सेन बताते हैं कि साक्षी पढ़ने में सबसे आगे है। प्राचार्य आरके सेन बताते हैं कि IBC24 की स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप योजना ऐसे बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होती है।

Facebook


