अदाणी ग्रीन एनर्जी का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 34 प्रतिशत बढ़कर 514 करोड़ रुपये

अदाणी ग्रीन एनर्जी का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 34 प्रतिशत बढ़कर 514 करोड़ रुपये

अदाणी ग्रीन एनर्जी का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 34 प्रतिशत बढ़कर 514 करोड़ रुपये
Modified Date: April 24, 2026 / 03:53 pm IST
Published Date: April 24, 2026 3:53 pm IST

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) अदाणी समूह की कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 34 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 514 करोड़ रुपये रहा।

अदाणी ग्रीन एनर्जी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 383 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 3,727 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 3,278 करोड़ रुपये थी।

हालांकि, पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ थोड़ा घटकर 1,987 करोड़ रुपये रह गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 2,001 करोड़ रुपये था। वहीं 2025-26 में कुल आय बढ़कर 13,819 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 12,422 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने अलग से जारी बयान में कहा कि बिजली आपूर्ति से होने वाली आय जनवरी- मार्च तिमाही में 16 प्रतिशत बढ़कर 3,094 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 2,666 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने बताया कि कंपनी ने 5.1 गीगावाट नई परियोजनाओं की क्षमता शुरू की है, जिससे उसकी कुल परिचालन क्षमता बढ़कर 19.3 गीगावाट हो गई है।

उन्होंने बताया कि यह चीन को छोड़कर किसी भी कंपनी द्वारा एक साल में की गई दुनिया की सबसे बड़ी नई क्षमता वृद्धि है।

परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए अदाणी ने कहा, ‘गुजरात के खावड़ा में हमारी प्रमुख परियोजना, जो दुनिया का सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र है, तेजी से आगे बढ़ रही है। बैटरी भंडारण के क्षेत्र में हमने वित्त वर्ष 2025-26 में 1.4 गीगावाट-घंटा क्षमता स्थापित की, जो दुनिया में एक ही स्थान पर स्थापित सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक है।’

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में