अदाणी के मुंद्रा हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू

अदाणी के मुंद्रा हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू

अदाणी के मुंद्रा हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू
Modified Date: June 23, 2026 / 07:04 pm IST
Published Date: June 23, 2026 7:04 pm IST

मुंद्रा (गुजरात), 23 जून (भाषा) अदाणी समूह के मुंद्रा हवाई अड्डे से मंगलवार को गोवा से पहली उड़ान के आगमन के साथ वाणिज्यिक संचालन शुरू हो गया।

अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि सेवा शुरू होने के साथ ही मुंद्रा से संपर्क बेहतर होगा।

अदाणी समूह ने बयान में कहा कि हवाई सेवा कच्छ क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं को नयी गति देगी।

कांडला और भुज के बाद यह इस इलाके का तीसरा हवाई अड्डा है।

क्षेत्रीय एयरलाइन स्टार एयर इस हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवा शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बन गई। इसकी पहली उड़ान गोवा से यहां उतरी।

अदाणी समूह के पूरी तरह से स्वामित्व एवं प्रबंधन वाले इस हवाई अड्डे से गोवा, मुंबई, हिंडन और सूरत के लिए हवाई संपर्क सुविधा मिलेगी।

जीत अदाणी ने कहा, ‘‘अभी हवाई अड्डे पर बहुत ज़्यादा उड़ानों का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है, लेकिन हमारे पास गोवा, सूरत और मुंबई को जोड़ने वाली कुछ सेवाएं हैं तथा हम जल्द ही अहमदाबाद के लिए भी हवाई सेवा शुरू करेंगे।’’

यहां 1,900 मीटर लंबी हवाई पट्टी के साथ इस नए हवाई अड्डे का उद्घाटन जीत अदाणी ने किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि इससे (अदाणी मुंद्रा हवाई हड्डे) हमारी कर्मभूमि यानी मुंद्रा से भारत के लिए संपर्क के बड़े रास्ते खुलेंगे।’’

हवाई अड्डे को बेलगावी, बेंगलुरु, कोल्हापुर और नांदेड़ से भी जोड़ने की योजना है।

भाषा

यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में