आदित्यनाथ ने यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोतारो नागासाकी से की मुलाकात
आदित्यनाथ ने यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोतारो नागासाकी से की मुलाकात
(तस्वीरों के साथ)
लखनऊ, 26 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोतारो नागासाकी से बृहस्पतिवार को मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश-यामानाशी सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी, ‘‘ जापान के यामानाशी प्रांत में उत्तर प्रदेश-यामानाशी सहयोग को और मजबूत करने एवं हमारी बढ़ती रणनीतिक भागीदारी को आगे बढ़ाने के लिए गवर्नर कोतारो नागासाकी के साथ सार्थक बातचीत हुई।’’
उन्होंने कहा कि उद्योग, पर्यटन एवं प्राविधिक शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए, जो हरित हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा नवोन्मेष एवं प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान पर केंद्रित हैं।
इसमें कहा गया, ‘‘ उत्तर प्रदेश, ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सतत भविष्य के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए आईआईटी कानपुर को हरित हाइड्रोजन में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के तौर पर विकसित कर रहा है।’’
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘ मैं अगस्त में उत्तर प्रदेश में 200 कंपनियों के सीईओ (मुख्य कार्यपालक अधिकारियों) के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के गवर्नर के प्रस्ताव का स्वागत करता हूं, जिससे औद्योगिक साझेदारी एवं निवेश की गति और तेज होगी।’’
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘ मैं यामानाशी प्रांत के गवर्नर और सभी हितधारकों का इस सहयोग को और बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं, जो साझा आर्थिक दृष्टि एवं सभ्यतागत संपर्क पर आधारित है। ’’
भाषा सलीम मनीषा निहारिका
निहारिका

Facebook


