आईफोन उपयोगकर्ताओं को मुफ्त आईक्लाउड स्टोरेज सेवा देगी एयरटेल
आईफोन उपयोगकर्ताओं को मुफ्त आईक्लाउड स्टोरेज सेवा देगी एयरटेल
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) भारती एयरटेल ने मंगलवार को कहा कि 999 रुपये और उससे अधिक के पोस्टपेड प्लान लेने वाले आईफोन उपयोगकर्ताओं को 50 जीबी आईक्लाउड स्टोरेज की सुविधा दी जाएगी।
कंपनी पहले से ही अपने सभी पोस्टपेड ग्राहकों को गूगल वन पर 100 जीबी क्लाउड स्टोरेज की सुविधा दे रही है।
एयरटेल ने बयान में कहा, ‘‘उसकी नयी पोस्टपेड पेशकश में एप्पल की विस्तारित आईक्लाउड प्लस अन्य पेशकश शामिल है। इसके तहत निजी सामग्री को सुरक्षित रूप से रखने और साझा करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ग्राहकों को एप्पल टीवी के पुरस्कृत कार्यक्रमों और एप्पल आर्केड पर सैकड़ों मनोरंजक खेलों का भी लाभ मिलेगा। यह सुविधा 999 रुपये और उससे अधिक के पारिवारिक प्लान लेने वाले एयरटेल ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी।’’
आईक्लाउड प्लस के जरिये एयरटेल के लाखों पोस्टपेड ग्राहक अपने एप्पल उपकरणों पर फोटो, फाइल, पासवर्ड, संपर्क और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सहेज सकेंगे तथा उन्हें सभी उपकरणों पर एक समान रखते हुए जरूरत के समय उन तक पहुंच सकेंगे।
भारती एयरटेल के निदेशक (बाजार परिचालन) अमित त्रिपाठी ने कहा, ‘‘एयरटेल में हम लगातार ऐसे तरीके तलाशते हैं, जिससे ग्राहकों का जीवन सरल हो और हमारी सेवाओं के जरिये उन्हें अधिक मूल्य मिले। हमारे पारिवारिक पोस्टपेड प्लान में एप्पल का आईक्लाउड प्लस, एप्पल टीवी और एप्पल आर्केड जोड़कर हमने इस पेशकश को और बेहतर किया है।’’
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


