अमेजन ने 2025 में वैश्विक स्तर पर 1.5 करोड़ नकली उत्पाद जब्त किए
अमेजन ने 2025 में वैश्विक स्तर पर 1.5 करोड़ नकली उत्पाद जब्त किए
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन ने अपनी पहली ‘भरोसेमंद खरीदारी अनुभव रिपोर्ट’ में कहा कि उसने 2025 में वैश्विक स्तर पर करोड़ों संदिग्ध और फर्जी समीक्षाओं को रोका और 1.5 करोड़ से अधिक नकली उत्पादों को जब्त किया।
यह रिपोर्ट बताती है कि कैसे कंपनी संगठित खुदरा अपराध, साइबर अपराध और उत्पाद सुरक्षा मुद्दों से निपटने के लिए उन्नत कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग का तेजी से इस्तेमाल कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक 2025 में अमेजन की कानूनी कार्रवाइयों के तहत उसके स्टोर से संबंधित फर्जी समीक्षाओं और घोटालों को बढ़ावा देने वाली 100 से अधिक वेबसाइट को बंद कर दिया गया।
इसके अलावा कंपनी की जालसाजी अपराध इकाई (सीसीयू), जिसकी शुरुआत 2020 में हुई थी, ने 14 देशों में मुकदमेबाजी और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को आपराधिक संदर्भ भेजकर 32,000 से अधिक गलत तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की है।
नकली सामानों पर बड़ी कार्रवाई के तहत अमेजन ने पिछले साल चीन के कानून प्रवर्तन और ब्रांडों के साथ सहयोग किया, जिसके चलते नकली उत्पादों के निर्माताओं और वितरकों के खिलाफ 70 से अधिक स्थानीय छापे मारे गए।
अमेजन में वैश्विक ग्राहक एवं साझेदार ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रोहन ओमान ने कहा कि वैश्विक खुदरा क्षेत्र पहले कभी इतना जटिल नहीं था। गलत तत्व लगातार अपनी रणनीति बदल रहे हैं, अपराधी नेटवर्क सीमाओं के पार काम कर रहे हैं, और खुदरा क्षेत्र के सामने आने वाले खतरे नकली सामानों से कहीं आगे तक फैले हुए हैं।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण

Facebook


