अमित शाह शुक्रवार को ओडिशा में इफको का सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र देश को समर्पित करेंगे
अमित शाह शुक्रवार को ओडिशा में इफको का सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र देश को समर्पित करेंगे
नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को पारादीप में इफको का सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र देश को समर्पित करेंगे और भुवनेश्वर में सहकारिता और डेयरी क्षेत्र की कई पहल की शुरुआत करेंगे। एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
शाह सबसे पहले पारादीप जाएंगे और वहां इफको केन्द्र में लगाए गए तीसरे सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र (एसएपी-तीन) को औपचारिक रूप से देश को समर्पित करेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर के आईडीसीओ एग्जिबिशन मैदान में यूनिट-तीन में कई कार्यक्रम शुरू करने जाएंगे।
बयान में कहा गया है कि भुवनेश्वर में, मंत्री ओडिशा की प्रदेश सहकारिता नीति जारी करेंगे और त्रिभुवन कोऑपरेटिव यूनिवर्सिटी के तहत एक स्कूल और बडम्बा शुगर इंडस्ट्रीज को फिर से शुरू करने के लिए समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
शाह प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) और वृहद आकार कृषि बहुद्देशीय समितियों (लैम्प्स) द्वारा चलाए जा रहे 1,567 ‘साझा सेवा केंद्र’ भी समर्पित करेंगे, और 141 पैक्स के लिए ज़रूरत के हिसाब से बुनियादी ढांचे का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन करेंगे।
डिजिटल मोर्चे पर, वह आरसीएस ऑफिस पोर्टल, नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड का डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर पोर्टल, नेशनल कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट्स लिमिटेड का ‘कूप मार्क’ और ‘साविद्या’, जिसे एआई-आधारित बहुभाषी शिक्षण प्लेटफॉर्म बताया गया है, की शुरुआत करेंगे।
एक प्रशिक्षण और प्रदर्शनी केन्द्र को उन्नयन करने के लिए नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया जाएगा, जबकि दो दूध उत्पादक सहकारिता समितियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र बांटे जाएंगे, और मुख्यमंत्री कामधेनु योजना के तहत अनुदान जारी किए जाएंगे।
इस दौरे के दौरान कुल 1,159.03 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का उद्घाटन और 2,116.06 करोड़ रुपये की 130 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की ‘सहकार से समृद्धि’ पहल का हिस्सा हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


