एपिडा ने कर्नाटक के नीलम, तोतापुरी आमों की पहली हवाई खेप मालदीव भेजने में की मदद
एपिडा ने कर्नाटक के नीलम, तोतापुरी आमों की पहली हवाई खेप मालदीव भेजने में की मदद
बेंगलुरु, 30 जुलाई (भाषा) कृषि निर्यात विकास संस्था, एपिडा ने कर्नाटक से मालदीव तक नीलम और तोतापुरी आमों की पहली हवाई खेप भेजने में मदद की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपिडा) केंद्र सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत काम करता है।
अधिकारियों ने कहा कि यह निर्यात खेप अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कर्नाटक की देर से पकने वाली आम की किस्मों को बढ़ावा देने और भारत के आम निर्यात को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
एक सरकारी बयान के अनुसार, इस खेप को 30 जुलाई को एपिडा के अध्यक्ष, अभिषेक देव ने हरी झंडी दिखाई। उन्होंने इस खेप को संभव बनाने में निर्यातक, किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी), किसानों और सभी संबंधित लोगों की सामूहिक कोशिशों की सराहना की।
बयान में कहा गया, ‘‘निर्यात की इस खेप में एक टन नीलम और तोतापुरी आम शामिल थे, जिन्हें कर्नाटक के कोलार जिले के केजीएफ तालुक में स्थित ‘प्रकृतिमाया फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ से जुड़े किसानों से सीधे लिया गया था।’’
बयान में कहा गया है कि यह निर्यात, कर्नाटक के आम निर्यात के सफर में एक नया अध्याय है और इससे प्रीमियम बागवानी उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने में ‘किसान उत्पादक संगठन’ (एफपीओ), ‘किसान उत्पादक कंपनी’ (एफपीसी), नियार्यतकों और कृषि-उद्यमियों की ज़्यादा भागीदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


