वाहन कलपुर्जा उद्योग का 2029-30 तक 200 अरब डॉलर का कारोबार हासिल करने का लक्ष्य: रिपोर्ट

Ads

वाहन कलपुर्जा उद्योग का 2029-30 तक 200 अरब डॉलर का कारोबार हासिल करने का लक्ष्य: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 07:10 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 07:10 PM IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) भारत के वाहन कलपुर्जा उद्योग ने वित्त वर्ष 2029-30 तक करीब 200 अरब डॉलर का कारोबार हासिल करने का लक्ष्य रखा है। बीसीजी और एसीएमए की रिपोर्ट में यह बात कही गई है।

‘बियॉन्ड रेजिलिएंस: बिल्ट टू एंड्योर, डिजाइन्ड टू विन’ शीर्षक की रिपोर्ट के अनुसार, इस उद्योग ने वित्त वर्ष 2025-26 में 17 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर के साथ 86 अरब डॉलर का कारोबार किया, जबकि इस दौरान उद्योग ने 2019 की आर्थिक सुस्ती, कोविड-19 महामारी, जिंस कीमतों में उछाल और हाल में दुर्लभ खनिजों पर लगे प्रतिबंध जैसे कई झटकों का सामना किया।

‘बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप’ (बीसीजी) और भारतीय वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एसीएमए) की संयुक्त रिपोर्ट में कहा गया कि उद्योग को भविष्य में बेहतर कारोबार की उम्मीद है, लेकिन इन सबके बीच चुनौतियों का भी ध्यान रखा गया है। सर्वेक्षण में शामिल करीब 90 प्रतिशत उद्योग प्रमुखों का मानना है कि वे सही समय पर सही जगह पर हैं। वहीं, करीब 78 प्रतिशत का कहना है कि कारोबार कुछ वर्ष पहले की तुलना में अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है।

रिपोर्ट में कहा गया, “मजबूत घरेलू मांग और वैश्विक निर्यात में बढ़ती हिस्सेदारी के दम पर उद्योग ने वित्त वर्ष 2029-30 तक करीब 200 अरब डॉलर के कारोबार का लक्ष्य रखा है।”

एसीएमए के अध्यक्ष विक्रमपति सिंघानिया ने कहा कि भारतीय वाहन कलपुर्जा उद्योग ने लगातार आने वाली बाधाओं के बीच उल्लेखनीय मजबूती दिखाई है और अब वह महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय करने की स्थिति में है।

बीसीजी के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ भागीदार विक्रम जानकीरमन ने कहा कि व्यवधान से पहले निवेश करने, मजबूत व्यवस्था विकसित करने और क्षमताओं को मजबूत करने वाली कंपनियां अस्थिरता से बेहतर तरीके से निपट सकती हैं तथा अपने प्रदर्शन को कायम रख सकती हैं।

भाषा यासिर अजय

अजय