नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) कनाडा के पेंशन कोष ला-कैसे ने भारत की सबसे बड़ी स्वतंत्र दूरसंचार बुनियादी ढांचा कंपनी अल्टियस टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 12,100 करोड़ रुपये में खरीदी है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अल्टियस के पास देशभर में 2,58,000 से अधिक दूरसंचार टावर और ‘साइट्स’ हैं। इसके साथ इसकी पूरे भारत में मौजूदगी है।
बयान में कहा गया, ‘‘वैश्विक निवेश समूह ला-कैसे (पूर्व में सीडीपीक्यू) और ब्रुकफील्ड ने घोषणा की कि ला-कैसे ने अल्टियस टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए करीब 12,100 करोड़ रुपये (1.76 अरब कनाडाई डॉलर) का निवेश किया है।’’
सौदा पूरा होने के बाद ब्रुकफील्ड, अल्टियस की सबसे बड़ी निवेशक बनी हुई है। इसके साथ ला-कैसे तथा जीआईसी और ब्रिटिश कोलंबिया इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट कॉरपोरेशन (बीसीआई) से संबद्ध शेयरधारक भी निवेशक हैं।
ला-कैसे में कार्यकारी उपाध्यक्ष इमैनुएल जैक्लोट ने कहा, ‘‘दूरसंचार टावर और डिजिटल बुनियादी ढांचे में दुनिया भर में निवेश के जरिये इस क्षेत्र का हमारा अच्छा अनुभव है। अल्टियस के जरिये हम एक स्थापित मंच के माध्यम से आकर्षक बाजार में निवेश कर रहे हैं। इस निवेश में हमारे साथ ब्रुकफील्ड और अन्य संस्थागत साझेदार भी हैं, जिनके साथ हमारे लंबे समय से संबंध हैं।’’
अल्टियस टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (पूर्व में डेटा इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट) भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में पंजीकृत अवसंरचना निवेश न्यास है। अल्टियस भारत में दूरसंचार बुनियादी ढांचा सेवाएं उपलब्ध कराती है।
ब्रुकफील्ड के बुनियादी ढांचा समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सैम पोलॉक ने कहा, ‘‘ला- कैसे के निवेश से इस मंच को एक और दीर्घकालिक संस्थागत साझेदार मिला है और यह कारोबार की मजबूती में उसके भरोसे को दर्शाता है। हम साझेदारों के साथ मिलकर अल्टियस की अगली विकास यात्रा में सहयोग जारी रखेंगे…।’’
भाषा रमण अजय
अजय