बैंक ऑफ बड़ौदा ने हरित बुनियादी ढांचा बॉन्ड के जरिये 10,000 करोड़ रुपये जुटाए
बैंक ऑफ बड़ौदा ने हरित बुनियादी ढांचा बॉन्ड के जरिये 10,000 करोड़ रुपये जुटाए
नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने दीर्घकालिक हरित बुनियादी ढांचा बॉन्ड जारी कर 10,000 करोड़ रुपये जुटाने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इसके साथ बीओबी घरेलू स्तर पर इस तरह का बॉन्ड जारी करने वाला देश का पहला बैंक बन गया है।
बीओबी ने बयान में कहा कि इस बॉन्ड को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कुल 16,415 करोड़ रुपये की बोलियां प्राप्त हुईं। यह 5,000 करोड़ रुपये के बॉन्ड के आकार से तीन गुना से अधिक है।
बैंक ने बताया कि सात वर्षीय बॉन्ड को एनएसई के इलेक्ट्रॉनिक ऋण बोली मंच पर 5,000 करोड़ रुपये के आधार बॉन्ड और 5,000 करोड़ रुपये के ग्रीन शू यानी अधिक बोली आने पर उसे रखने के विकल्प के साथ पेश किया गया था।
बीओबी ने कहा कि मौजूदा बाजार अस्थिरता के बावजूद, बैंक ने 7.10 प्रतिशत ब्याज के साथ यह बोली हासिल की है, जो निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।
बैंक हरित बुनियादी ढांचा बॉन्ड से प्राप्त राशि को बीओबी के हरित वित्तपोषण रूपरेखा और लागू नियामक दिशानिर्देशों के अनुरूप पात्र हरित परियोजनाओं में लगाएगा। इससे नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ बुनियादी ढांचा परियोजनाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक वित्तपोषण संभव हो सकेगा।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


