बंगाल केमिकल्स की फिर से सांप के जहर की दवा बनाने की योजना
बंगाल केमिकल्स की फिर से सांप के जहर की दवा बनाने की योजना
कोलकाता, छह सितंबर (भाषा) बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड (बीसीपीएल) ने पश्चिम बंगाल में करीब डेढ़ दशक बाद फिर से सांप के जहर की दवा (एंटी-स्नेक वेनम) का उत्पादन शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।
कंपनी ने राज्य में सांप के काटने के मामलों की अधिक संख्या और देश के दक्षिणी तथा पश्चिमी हिस्सों से इसकी आपूर्ति पर निर्भरता कम करने की जरूरत को देखते हुए यह प्रस्ताव दिया है।
कोलकाता स्थित केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी (सीपीएसयू) बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड ने इस प्रस्तावित परियोजना को लेकर राज्य सरकार के साथ बातचीत शुरू कर दी है।
बंगाल केमिकल्स के प्रबंध निदेशक एस घोष चौधरी ने ‘राइज कॉन्क्लेव 2026’ से इतर पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमने फिर से ‘एंटी-स्नेक वेनम’ बनाने में रुचि दिखाई है। यह करीब 150 करोड़ रुपये की परियोजना होगी। मैंने मंत्री को इसकी जानकारी दी है और कहा कि सरकार को खरीद की गारंटी देनी होगी तथा प्रत्येक शीशी की खरीद कीमत मौजूदा 450 रुपये से बढ़ाकर 700-800 रुपये करनी होगी।’’
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कहा कि बंगाल केमिकल्स के साथ इस संबंध में शुरुआती बातचीत हुई है और कंपनी ने सरकार से कुछ कदम उठाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह बातचीत अभी बिल्कुल शुरुआती चरण में है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


