भारती एयरटेल की प्रवर्तक इकाई आईसीआईएल ने 0.56 प्रतिशत हिस्सेदारी 7,189 करोड़ रुपये में बेची

भारती एयरटेल की प्रवर्तक इकाई आईसीआईएल ने 0.56 प्रतिशत हिस्सेदारी 7,189 करोड़ रुपये में बेची

भारती एयरटेल की प्रवर्तक इकाई आईसीआईएल ने 0.56 प्रतिशत हिस्सेदारी 7,189 करोड़ रुपये में बेची
Modified Date: November 26, 2025 / 10:46 am IST
Published Date: November 26, 2025 10:46 am IST

नयी दिल्ली, 26 नवंबर (भाषा) दूरसंचार उद्योग के दिग्गज सुनील भारती मित्तल के पारिवारिक कार्यालय से जुड़ी प्रवर्तक इकाई इंडियन कॉन्टिनेंट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड (आईसीआईएल) ने बुधवार को भारती एयरटेल में अपनी 0.56 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 7,189 करोड़ रुपये में बेच दी।

थोक सौदे के रूप में हुई इस बिक्री में भारती एयरटेल के 3.43 करोड़ शेयरों को 2,096.70 प्रति शेयर के आधार मूल्य पर बेचा गया। यह कीमत मंगलवार को एनएसई पर एयरटेल के बंद भाव 2,161.60 रुपये प्रति शेयर से लगभग तीन प्रतिशत कम थी।

इस सौदे का कुल मूल्य 80.6 करोड़ डॉलर यानी करीब 7,189.19 करोड़ रुपये रहा।

सौदा संपन्न होने के बाद एयरटेल का शेयर दबाव में आ गया और एनएसई पर यह तीन प्रतिशत गिरकर 2,097.50 रुपये प्रति शेयर पर आ गया। वहीं बीएसई पर 2.81 प्रतिशत टूटकर 2,100 रुपये प्रति शेयर पर आ गया।

लेनदेन के बाद एयरटेल में आईसीआईएल की हिस्सेदारी 1.48 प्रतिशत से घटकर 0.92 प्रतिशत रह गई।

भारती एयरटेल में प्रवर्तक समूह की कुल हिस्सेदारी 50.27 प्रतिशत है। प्रवर्तक समूह में भारती टेलीकॉम के साथ सिंगटेल की सहयोगी पेस्टल लिमिटेड भी है।

यह हिस्सेदारी बिक्री ऐसे समय हुई है जब हाल के महीनों में एयरटेल के प्रवर्तक समूह द्वारा हिस्सेदारी घटाने के कई बड़े कदम उठाए गए हैं। इस महीने की शुरुआत में ही सिंगटेल ने एयरटेल में अपनी 0.8 प्रतिशत हिस्सेदारी 10,353 करोड़ रुपये में बेची थी।

इससे पहले, अगस्त में भी आईसीआईएल ने लगभग एक प्रतिशत हिस्सेदारी 11,227 करोड़ रुपये में बेची थी, जबकि फरवरी में उसने 8,485 करोड़ रुपये के एयरटेल शेयर बाजार में बेचे थे।

भाषा प्रेम प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में