भाषिणी के योटा के घरेलू क्लाउड पर परिचालन शुरू करने से प्रदर्शन में 40 प्रतिशत का सुधार
भाषिणी के योटा के घरेलू क्लाउड पर परिचालन शुरू करने से प्रदर्शन में 40 प्रतिशत का सुधार
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) एआई-आधारित बहुभाषी अनुवाद मंच ‘भाषिणी’ ने एक वैश्विक ‘हाइपरस्केलर’ से हटकर अपना कामकाज पूरी तरह से ‘योटा डेटा सर्विसेज’ के घरेलू सॉवरेन एआई क्लाउड पर स्थानांतरित कर लिया है।
शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से मंच के प्रदर्शन में लगभग 40 प्रतिशत का सुधार हुआ है और परिचालन लागत में 30 प्रतिशत तक की कमी आई है।
हाइपरस्केलर उन विशाल क्लाउड सेवा प्रदाताओं (जैसे अमेजन एडब्ल्यूएस, गूगल या माइक्रोसॉफ्ट) को कहा जाता है, जिनके पास डेटा भंडारण और प्रसंस्करण की अत्यधिक बड़े पैमाने पर क्षमता होती है और जो मांग के अनुसार इसे तुरंत घटा या बढ़ा सकते हैं।
योटा के बुनियादी ढांचे पर यह स्थानांतरण डिजिटल संप्रभुता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि एआई से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा और कार्यभार देश के अधिकार क्षेत्र के भीतर ही रहें।
भाषिणी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के ‘राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन’ के तहत विकसित एक एआई-संचालित अनुवाद मंच है।
यहां आयोजित ‘द इंडिया एआई सॉवरेन डायलॉग्स’ कार्यक्रम में योटा डेटा सर्विसेज के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना महज डेटा स्थानांतरित करने का काम नहीं थी, बल्कि यह पूरी तरह से प्रौद्योगिकी पुनर्गठन था।
उन्होंने बताया कि योटा ने न केवल इस मंच को सफलतापूर्वक स्थानांतरित और स्थिर किया, बल्कि इसके प्रदर्शन को भी लगभग 40 प्रतिशत तक बढ़ा दिया, जबकि लागत में 20 से 30 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि आज भाषिणी पूरी तरह से एक संप्रभु एआई क्लाउड स्टैक पर परिचालित हो रही है।
हीरानंदानी समूह की कंपनी ‘योटा डेटा सर्विसेज’, क्लाउड, एआई समाधान, डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा सहित अन्य डिजिटल सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी के क्लाउड क्षेत्र नवी मुंबई (पनवेल) और ग्रेटर नोएडा में स्थित डेटा सेंटर पार्क में संचालित हैं।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


