ब्रिक्स देशों में ऊर्जा सुरक्षा, बुनियादी ढांचा सहयोग मजबूत करने पर सहमति
ब्रिक्स देशों में ऊर्जा सुरक्षा, बुनियादी ढांचा सहयोग मजबूत करने पर सहमति
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) ब्रिक्स देशों ने बृहस्पतिवार को ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास, नवोन्मेष, मजबूत बुनियादी ढांचा और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर आम सहमति व्यक्त की।
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि वर्ष 2026 में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत गुरुग्राम में आयोजित ’11वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक’ में सदस्य देशों के मंत्रियों ने राष्ट्रीय परिस्थितियों, विकास प्राथमिकताओं और ऊर्जा मार्गों का सम्मान करने के महत्व को दोहराया।
बैठक का समापन 11वें ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों के संयुक्त घोषणापत्र को अपनाने के साथ हुआ। यह ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास, नवोन्मेष, मजबूत बुनियादी ढांचे और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर ब्रिक्स देशों की साझा सोच और सहमति को दर्शाता है।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि ऊर्जा आर्थिक वृद्धि, सामाजिक प्रगति और मानव विकास का मूल आधार है।
उन्होंने कहा कि विकासशील देशों को अपने नागरिकों की वैध आकांक्षाओं को पूरा करते हुए सतत विकास के लक्ष्य हासिल करने के लिए पर्याप्त समय, संसाधन और नीतिगत अवसरों की आवश्यकता है।
मंत्री ने ‘सभी के लिए ऊर्जा’ के सिद्धांत के अनुरूप मजबूत, भविष्य के लिए तैयार और जन-केंद्रित ऊर्जा प्रणालियां विकसित करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


