कमजोर वैश्विक मांग, कोविड अंकुशों की वजह से अक्टूबर में चीन का व्यापार घटा

कमजोर वैश्विक मांग, कोविड अंकुशों की वजह से अक्टूबर में चीन का व्यापार घटा

कमजोर वैश्विक मांग, कोविड अंकुशों की वजह से अक्टूबर में चीन का व्यापार घटा
Modified Date: November 29, 2022 / 08:34 pm IST
Published Date: November 7, 2022 11:11 am IST

बीजिंग, सात नवंबर (एपी) वैश्विक मांग में कमी तथा कोविड महामारी की वजह से लगाए गए अंकुशों के चलते चीन के व्यापार में अक्टूबर में गिरावट आई है। कोविड अंकुशों की वजह से चीन में उपभोक्ताओं का खर्च घटा है जिसका असर व्यापार पर भी पड़ा है।

सीमा शुल्क एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, चीन का निर्यात अक्टूबर में एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 0.3 प्रतिशत घटकर 298.4 अरब डॉलर रह गया। सितंबर में चीन का निर्यात 5.7 प्रतिशत बढ़ा था।

अक्टूबर में चीन का आयात भी 0.7 प्रतिशत घटकर 213.4 अरब डॉलर पर आ गया। सितंबर में चीन का आयात 0.3 प्रतिशत बढ़ा था।

चीन का वैश्विक व्यापार अधिशेष एक साल पहले की तुलना में 0.9 प्रतिशत बढ़कर 85.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

विश्लेषकों का मानना है कि फेडरल रिजर्व और अन्य केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की वजह से वैश्विक मांग कम हुई है, इससे अभी चीन का व्यापार सुस्त रहने के आसार हैं।

घरेलू मोर्चे पर चीन ने ‘शून्य कोविड’ रणनीति अपनाई है। वायरस पर काबू के लिए कई शहरों को बार-बार ‘बंद’ किया जा रहा है। इसकी वजह से कारोबार प्रभावित हुआ है और लाखों लोगों को अपने घरों में ही बंद रहना पड़ रहा है।

अमेरिका के साथ शुल्कों को लेकर चीन का विवाद चल रहा है। इसके बावजूद अक्टूबर में अमेरिका को चीन का निर्यात 35.3 प्रतिशत बढ़कर 47 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं अमेरिकी वस्तुओं का आयात 52.4 प्रतिशत बढ़कर 12.8 अरब डॉलर रहा। अमेरिका के साथ चीन का व्यापार अधिशेष 29.9 प्रतिशत बढ़कर 34.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

रूस से चीन का आयात दोगुना से अधिक होकर 10.2 अरब डॉलर रहा। रूस से चीन मुख्य रूप से तेल और गैस का आयात करता है। 27 देशों के यूरोपीय संघ (ईयू) को चीन का निर्यात 5.5 प्रतिशत बढ़कर 44.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया। वहीं यूरोपीय संघ से आयात 15.5 प्रतिशत घटकर 21.4 अरब डॉलर पर आ गया।

यूरोपीय संघ के साथ चीन का व्यापार अधिशेष 38.1 प्रतिशत बढ़कर 22.7 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

एपी अजय अजय

अजय


लेखक के बारे में