चीन में बेरोजगारी दर बढ़कर जुलाई में 17.9 प्रतिशत पर पहुंची
चीन में बेरोजगारी दर बढ़कर जुलाई में 17.9 प्रतिशत पर पहुंची
बीजिंग, 19 अगस्त (भाषा) चीन में 16-24 वर्ष के युवाओं के बीच बेरोजगारी दर जुलाई में बढ़कर 17.9 प्रतिशत हो गई। सुस्त अर्थव्यवस्था के बीच रिकॉर्ड 1.27 करोड़ विश्वविद्यालय स्नातकों के नौकरी बाजार में प्रवेश करने से बेरोजगारी दर बढ़ी है।
राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, छात्रों को छोड़कर इस आयु वर्ग में बेरोजगारी दर जून के 14.9 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई में 17.9 प्रतिशत हो गई।
यह हाल के वर्षों में बेरोजगारी दर का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर है। अगस्त, 2025 में यह 18.9 प्रतिशत रही थी, जबकि जून, 2026 में यह 17.8 प्रतिशत थी।
जुलाई-अगस्त में रिकॉर्ड 1.27 करोड़ विश्वविद्यालय स्नातक नौकरी बाजार में आए, जो पिछले साल की तुलना में चार प्रतिशत अधिक हैं। इस दौरान 25-29 वर्ष आयु वर्ग में बेरोजगारी दर भी जून के 7.1 प्रतिशत से बढ़कर जुलाई में 7.2 प्रतिशत हो गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि चीन में आर्थिक वृद्धि की धीमी रफ्तार के कारण रोजगार के अवसरों में आई कमी इसकी प्रमुख वजह है। जून तिमाही में चीन की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 4.3 प्रतिशत रही, जो 2022 के अंत के बाद सबसे धीमी तिमाही वृद्धि है। जनवरी-मार्च तिमाही में यह पांच प्रतिशत थी।
हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना पोस्ट’ के मुताबिक, आर्थिक सुस्ती के बीच संपत्ति क्षेत्र की कमजोरी, घरेलू मांग में कमी और निजी निवेश में सतर्कता ने रोजगार बाजार पर दबाव बढ़ाया है। निर्माण, रियल एस्टेट और संबद्ध क्षेत्र भी पहले की तरह युवाओं तथा प्रवासी श्रमिकों को रोजगार नहीं दे पा रहे हैं।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


