क्लीनमैक्स आंध्र प्रदेश सौर पार्क में 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
क्लीनमैक्स आंध्र प्रदेश सौर पार्क में 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
अमरावती, 24 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार ने 200 मेगावाट के सौर बिजली पार्क को मंजूरी दे दी है। इसे क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड की समूह कंपनी यशस्वा पावर एलएलपी 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि 1,200 करोड़ रुपये के निवेश वाली इस परियोजना के तहत श्री सत्य साई जिले के परिगी मंडल के बीगनिपल्ले और आसपास के गांवों में 200 मेगावाट एसी/300 मेगावाट पीक डीसी सौर पार्क स्थापित किया जाएगा।
इस संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 44.5 करोड़ यूनिट स्वच्छ बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है। वहीं करीब 690 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।
करीब 1,200 एकड़ में फैला यह पार्क 400/220 केवी एपीट्रांसको हिंदूपुर सबस्टेशन से जोड़ा जाएगा जिससे ग्रिड स्थिरता एवं दीर्घकालिक बिजली निकासी सुनिश्चित होगी।
भारत की सबसे बड़ी वाणिज्यिक एवं औद्योगिक नवीकरणीय ऊर्जा कंपनियों में से एक क्लीनमैक्स 550 से अधिक कॉरपोरेट ग्राहकों को हरित ऊर्जा और शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन समाधान प्रदान करती है। कंपनी का करीब 2.5 गीगावाट का परिचालन खंड है जिसमें सौर, पवन एवं हाइब्रिड परिसंपत्तियां शामिल हैं। साथ ही अतिरिक्त क्षमता निर्माणाधीन है।
गौरतलब है कि कंपनी का 3,100 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 से 25 फरवरी तक खुला है। इसमें 1,200 करोड़ रुपये के नए निर्गम और 1,900 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


