दिल्ली में सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम और महंगी, 12 दिन में छह रुपये बढ़े दाम

दिल्ली में सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम और महंगी, 12 दिन में छह रुपये बढ़े दाम

दिल्ली में सीएनजी दो रुपये प्रति किलोग्राम और महंगी, 12 दिन में छह रुपये बढ़े दाम
Modified Date: May 26, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: May 26, 2026 8:19 pm IST

(अर्थ 35 के शीर्षक, इंट्रो और पांचवें पैरा में सुधार के साथ)

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के शहरों में कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतों में मंगलवार को दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई। यह दो सप्ताह से भी कम समय में चौथा मौका है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं।

देश की सबसे बड़ी शहरी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के अनुसार, सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

यह कंपनी दिल्ली और आसपास के शहरों में वाहनों को सीएनजी और घरों तथा उद्योगों के लिए पाइप लाइन वाली गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराती है।

हालांकि, घरेलू रसोई में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली पीएनजी की दरों में कोई संशोधन नहीं किया गया है।

सीएनजी की कीमतों में 15 मई से लेकर यह चौथी बार बढ़ोतरी हुई है और इस अवधि से लेकर अब तक इसमें कुल छह रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हो चुकी है। इससे पहले 23 मई को एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई थी और 15 मई को कीमत में दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। साथ ही 18 मई को सीएनजी एक रुपये और महंगी हुई थी।

मुंबई में सीएनजी की कीमत 84 रुपये प्रति किलोग्राम हैं, जहां 14 मई को दरों में अंतिम संशोधन किया गया था।

राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब सरकारी स्वामित्व वाली ईंधन कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर देरी से डालना शुरू किया है।

कंपनियों ने चार बार में पेट्रोल की कीमत में कुल 7.35 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 7.53 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।

पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें विभिन्न राज्यों में मूल्य वर्धित कर (वैट) की दर के आधार पर अलग-अलग होती हैं।

आईजीएल के अनुसार, नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत अब 91.70 रुपये प्रति किलोग्राम होगी, जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 88.12 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है।

दिल्ली में पीएनजी की कीमत 49.59 रुपये प्रति घन मीटर पर स्थिर बनी हुई है।

मुंबई में पीएनजी की कीमत 51.50 रुपये प्रति घन मीटर है।

ईरान युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के बाद सरकार ने घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी। घरेलू रसोई के लिए पीएनजी की दरें अपरिवर्तित रखी गईं।

भाषा यासिर अजय अजय

अजय


लेखक के बारे में