‘कॉरपोरेट मित्र’ योजना 2,000 प्रतिभागियों के साथ होगी शुरू

'कॉरपोरेट मित्र' योजना 2,000 प्रतिभागियों के साथ होगी शुरू

‘कॉरपोरेट मित्र’ योजना 2,000 प्रतिभागियों के साथ होगी शुरू
Modified Date: June 26, 2026 / 10:17 pm IST
Published Date: June 26, 2026 10:17 pm IST

नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित ‘कॉरपोरेट मित्र’ योजना की शुरुआत 2,000 प्रतिभागियों के साथ की जाएगी। इनमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के 200 प्रतिभागी भी शामिल होंगे।

मंत्रालय के अनुसार, योजना में 30 वर्ष तक की आयु के युवा भाग लेने के पात्र होंगे।

योजना के तहत तैयार किए जाने वाले कॉरपोरेट मित्र सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) को नियामकीय अनुपालन, माल एवं सेवा कर (जीएसटी), लेखांकन, वित्तीय परामर्श, लागत लेखांकन तथा कंपनी सचिवीय सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में किफायती सहायता उपलब्ध कराएंगे।

मंत्रालय ने कहा कि योजना की घोषणा केंद्रीय बजट 2026-27 में की गई थी।

योजना के तहत युवाओं को पहले छह महीने का शैक्षणिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद छह महीने का कार्यस्थल प्रशिक्षण कराया जाएगा।

योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, कॉरपोरेट मित्र मुख्य रूप से द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों में अपनी सेवाएं देंगे।

योजना में पंजीकरण के समय प्रत्येक प्रतिभागी को 3,000 रुपये तथा उस पर लागू जीएसटी का भुगतान करना होगा। हालांकि, कुछ श्रेणियों के लिए शुल्क में रियायत का प्रावधान भी किया गया है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘योजना की शुरुआत 2,000 प्रतिभागियों के साथ की जाएगी, जिनमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के 200 प्रतिभागी शामिल होंगे। इससे देशभर के उद्यमों को सेवाएं देने के लिए प्रशिक्षित कॉरपोरेट मित्रों का एक मजबूत समूह तैयार होगा।’’

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में