सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए किफायती, व्यावहारिक उपायों की जरूरत : विशेषज्ञ
सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए किफायती, व्यावहारिक उपायों की जरूरत : विशेषज्ञ
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों ने शुक्रवार को देश में सड़क सुरक्षा की चिंताजनक स्थिति पर चिंता जताते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यावहारिक, व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले और कम लागत वाले समाधानों की तत्काल जरूरत बतायी।
विशेषज्ञों ने कहा कि भारत शहरों में साक्ष्य आधारित और किफायती उपायों को अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को काफी हद तक कम कर सकता है।
अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ (आईआरएफ) की भारतीय इकाई की ओर से आयोजित एक सम्मेलन में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के प्रोफेसर गीतम तिवारी ने कहा कि रात के समय सड़कों पर बेहतर दृश्यता के लिए सड़क चिह्नों (रोड मार्किंग) में सुधार से शहरों में सड़क सुरक्षा को काफी बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनाई जा रही बेहतर प्रक्रियाओं को लागू करने से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और सभी सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए आवागमन को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
आईआरएफ के मानद अध्यक्ष के के कपिला ने कहा कि ज्यादातर शहरी सड़क दुर्घटनाएं सामान्य यातायात गति वाली सड़कों के डिजाइन में मौजूद रोजमर्रा की कमियों के कारण होती हैं।
उन्होंने कहा, ‘गोल चक्कर, यातायात गति नियंत्रित करने के उपाय और सड़कों पर बेहतर लाइट व्यवस्था जैसे कम लागत वाले इंजीनियरिंग उपाय दुर्घटनाओं में 20 से 80 प्रतिशत तक कमी लाने में प्रभावी साबित हुए हैं। इन पर बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की तुलना में बहुत कम खर्च आता है।’
कपिला ने कहा कि ऐसे उपायों को तेजी से लागू किया जा सकता है और इनसे तत्काल सड़क सुरक्षा लाभ मिल सकते हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


