स्विगी की इकाई लिंक्स लॉजिस्टिक्स को 500 करोड़ रुपये में खरीदेगी उड़ान

स्विगी की इकाई लिंक्स लॉजिस्टिक्स को 500 करोड़ रुपये में खरीदेगी उड़ान

स्विगी की इकाई लिंक्स लॉजिस्टिक्स को 500 करोड़ रुपये में खरीदेगी उड़ान
Modified Date: September 7, 2026 / 10:18 pm IST
Published Date: September 7, 2026 10:18 pm IST

नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) थोक व्यापार (बी2बी) मंच उड़ान ने सोमवार को स्विगी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी की अनुषंगी कंपनी लिंक्स लॉजिस्टिक्स लिमिटेड का 500 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की घोषणा की। इस सौदे के तहत स्विगी को उड़ान में कुल 3.2 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी।

एक बयान के अनुसार यह सौदा उड़ान की मूल कंपनी ट्रस्टरूट इंटरनेट (टीआईपीएल) द्वारा स्विगी को तरजीही इक्विटी शेयर जारी करके पूरा किया जाएगा।

सौदे के अनुसार, स्विगी उड़ान में लगभग 2.8 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करेगी और उड़ान में अतिरिक्त 0.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए टीआईपीएल में 75 करोड़ रुपये का प्राथमिक इक्विटी निवेश करेगी।

स्विगी ने शेयर बाजार को बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी स्विगी नेटवर्क्स लिमिटेड ने शेयर अदला-बदली के जरिये अपनी अनुषंगी कंपनी लिंक्स लॉजिस्टिक्स लिमिटेड की पूरी हिस्सेदारी को उड़ान की मूल कंपनी ट्रस्टरूट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड (टीआईपीएल) को बेचने के लिए एक समझौता किया है।

उड़ान के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वैभव गुप्ता ने कहा, ‘‘लिंक्स का अधिग्रहण हमारे कारोबार को और मजबूत करता है तथा भारत के कुछ सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में हमारी उपस्थिति का विस्तार करता है।’’

स्विगी लिमिटेड के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) राहुल बोथरा ने कहा, ‘‘इस सौदे के तहत हम उड़ान में प्राथमिक पूंजी के रूप में 75 करोड़ रुपये का निवेश भी कर रहे हैं, जो इस क्षेत्र में हमारे निरंतर विश्वास को दर्शाता है।’’

भाषा पाण्डेय अजय

अजय


लेखक के बारे में