चौथी तिमाही में आईडीबीआई, कोटक और एयू एसएफबी में ऋण वृद्धि जमा से अधिक रही
चौथी तिमाही में आईडीबीआई, कोटक और एयू एसएफबी में ऋण वृद्धि जमा से अधिक रही
नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के नियंत्रण वाले आईडीबीआई बैंक का मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही में ऋण 16 प्रतिशत वृद्धि के साथ 2.53 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा गया। एक साल पहले यह आंकड़ा 2.18 लाख करोड़ रुपये था।
बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसकी कुल जमा राशि 12 प्रतिशत बढ़कर 3.46 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 3.1 लाख करोड़ रुपये थी। वहीं, बैंक का कुल कारोबार 14 प्रतिशत बढ़कर छह लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इसी तरह, कोटक महिंद्रा बैंक ने भी ऋण वृद्धि में तेजी दिखाई। बैंक का ऋण 16.2 प्रतिशत बढ़कर 4.95 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि जमा राशि 14.7 प्रतिशत बढ़कर 5.72 लाख करोड़ रुपये रही।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी कर्ज में तेज बढ़ोतरी दर्ज की। बैंक का ऋण 25.1 प्रतिशत बढ़कर 1.36 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि जमा 22.8 प्रतिशत बढ़कर 1.52 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
हालांकि, इस बैंक का कम लागत वाला चालू और बचत खाता अनुपात घटकर 28.4 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 29.2 प्रतिशत था।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


