दिल्ली सरकार नवोन्मेषी छात्रों के लिए सहयोग बढ़ाएगी: शिक्षा मंत्री
दिल्ली सरकार नवोन्मेषी छात्रों के लिए सहयोग बढ़ाएगी: शिक्षा मंत्री
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को कहा कि सरकार छात्रों को अपने विचारों को नवाचार में बदलने के लिए आधारभूत ढांचा, अनुदान और अन्य संसाधन उपलब्ध कराएगी तथा उन्हें नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनाने में सहायता करेगी।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में आयोजित ‘टेक4फ्यूचर—फ्यूचर मेकर्स इनोवेटर्स बूटकैम्प’ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार छात्रों के विचारों को विकसित करने में संस्थागत सहायता देगी और उनके नवाचारों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर तक ले जाएगी।
उन्होंने कहा, “हम आपको सर्वोत्तम बुनियादी ढांचा देना चाहते हैं और आपके विचारों को विकसित करने में संस्थागत सहायता देना चाहते हैं। शिक्षा मंत्री के रूप में यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं आपको आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराऊं। संसाधनों की चिंता न करें, केवल अपने विजन को बड़ा बनाएं।”
इस कार्यक्रम में सीएम श्री स्कूलों के छात्रों द्वारा विकसित नवाचार परियोजनाओं और कार्यात्मक आदर्श प्रतिरूपों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें वास्तविक जीवन की समस्याओं के प्रौद्योगिकी आधारित समाधान प्रस्तुत किए गए।
सूद ने कहा कि ये छात्र केवल बच्चे नहीं हैं, बल्कि समस्या समाधानकर्ता हैं, जो एक ‘विकसित दिल्ली’ और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देंगे।
कृत्रिम मेधा (एआई) और स्वचालन से रोजगार पर पड़ने वाले प्रभाव की चिंताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी को मानव बुद्धि के विकल्प के बजाय दक्षता बढ़ाने वाले साधन के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “एआई आंकड़े दे सकता है, लेकिन विवेक केवल मानव मस्तिष्क से आता है। वास्तविक नवाचार मशीनें नहीं, बल्कि वे प्रश्न हैं जो हम ‘क्यों’ और ‘कैसे’ पूछते हैं। यही प्रश्न नवाचार को जन्म देते हैं।”
मंत्री ने कहा कि सरकार रोबोटिक्स प्रयोगशालाएं और स्मार्ट कक्षाएं स्थापित कर रही है ताकि छात्र केवल तकनीक के उपभोक्ता नहीं, बल्कि उसके निर्माता बन सकें।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


