दिल्ली के व्यापारियों की विभिन्न उत्पादों के लिए खरीदारी उत्सव आयोजित करने की योजना
दिल्ली के व्यापारियों की विभिन्न उत्पादों के लिए खरीदारी उत्सव आयोजित करने की योजना
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) ‘चांदनी चौक शॉपिंग फेस्टिवल’ के बाद अब दिल्ली के व्यापारियों के संगठनों ने विभिन्न उत्पादों के लिए खरीदारी उत्सव आयोजित करने की योजना बनाई है। इन उत्पादों में फर्नीचर, खिलौने, वाहन और कपड़ा शामिल हैं।
स्थानीय व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) और चांदनी चौक के व्यापारियों ने रविवार को रंगपुरी में ‘शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन किया था। दिन भर चले इस उत्सव में दिल्ली-एनसीआर से 3,000 से अधिक खरीदार शामिल हुए।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने बयान में कहा कि लाजपत नगर, गांधी नगर, सरोजिनी नगर और सदर बाजार जैसे स्थानीय बाजारों के व्यापारियों ने चैंबर से अपने बाजारों में ऐसे उत्सव आयोजित करने का अनुरोध किया है।
सीटीआई के चेयरमैन ब्रजेश गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सलाह दी है कि चांदनी चौक शॉपिंग फेस्टिवल की तर्ज पर अन्य बाजारों और क्षेत्रों पर आधारित उत्सवों का आयोजन किया जा सकता है, जहां खरीदार और विक्रेता एक दूसरे से जुड़ते हैं।
चैंबर ने कहा कि वह इस पर एक प्रस्ताव बनाएगा और ऐसे आयोजनों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


