शीर्ष नौ शहरों में पट्टे पर कार्यालय स्थल की मांग 4.55 करोड़ वर्ग फुट के रिकॉर्ड पर
शीर्ष नौ शहरों में पट्टे पर कार्यालय स्थल की मांग 4.55 करोड़ वर्ग फुट के रिकॉर्ड पर
नयी दिल्ली, छह जुलाई (भाषा) चालू कैलेंडर साल की पहली छमाही (जनवरी-जून) के दौरान नौ प्रमुख शहरों में पट्टे पर कार्यालय स्थल की मांग 10 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 4.55 करोड़ वर्ग फुट पर पहुंच गई। इसकी वजह ‘वैश्विक क्षमता केंद्र’ (जीसीसी) बनाने वाली विदेशी कंपनियों की मजबूत मांग है। सीबीआरई ने यह जानकारी दी।
पिछले साल इसी अवधि में कुल कार्यालय स्थल की मांग 4.15 करोड़ वर्ग फुट थी।
सीबीआरई ने कहा, ‘‘वर्ष 2026 की पहली छमाही में इस क्षेत्र में 4.55 करोड़ वर्ग फुट जगह पट्टे पर ली गई, जो किसी भी छमाही में अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। आपूर्ति कुल 3.2 करोड़ वर्ग फुट रही, जो कैलेंडर वर्ष की पहली छमाही में अब तक की सबसे ज्यादा आपूर्ति है।’’
आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद, जीओसी द्वारा पट्टे पर मांग एक साल पहले के 1.68 करोड़ वर्ग फुट से बढ़कर 1.96 करोड़ वर्ग फुट हो गई। इन नौ शहरों में मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, पुणे, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, अहमदाबाद और कोच्चि शामिल हैं।
सीबीआरई के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ)-भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका अंशुमान मैगजीन ने कहा, ‘‘भारत का कार्यालय बाजार अपनी मजबूती और टिकाऊपन का प्रदर्शन कर रहा है। दुनिया भर में अस्थिर भू-राजनीतिक और आर्थिक हालात होने के बावजूद, यहां लगातार रिकॉर्ड तिमाही आंकड़े देखने को मिल रहे हैं।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


