नवा रायपुर के टेक्सटाइल पार्क में 235 करोड़ निवेश से लग रही पहली इकाई, 4,600 लोगों को रोजगार
नवा रायपुर के टेक्सटाइल पार्क में 235 करोड़ निवेश से लग रही पहली इकाई, 4,600 लोगों को रोजगार
रायपुर, 26 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर के टेक्सटाइल पार्क में 235 करोड़ रुपए के निवेश से लगने वाली पहली इकाई से 4,600 से अधिक लोगों को रोजगार का मौका मिलेगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार नवा रायपुर को देश के प्रमुख कपड़ा एवं परिधान बनाने के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य के नवा रायपुर के टेक्सटाइल पार्क में पहली इकाई लगने जा रही है। 235 करोड़ रुपए के निवेश से लगने वाली इस इकाई से 4,600 से अधिक लोगों को रोजगार का मौका मिलेगा।
राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 25 जून को टेक्सटाइल पार्क की पहली परिधान बनाने की इकाई का भूमिपूजन किया। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां अपनी विनिर्माण इकाई स्थापित कर रही है। कंपनी मुख्य रूप से बच्चों के कपड़े और यूरोपीय तथा अमेरिकी बाजारों में निर्यात पर ध्यान केंद्रित करते हुए परिधान और कपड़े बनाएगी।
उन्होंने बताया कि कपड़ा और परिधान बनाने के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश-विदेश में नई पहचान दिलाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर तैयार करने के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है।
यहां कपड़ा, परिधान, तकनीकी वस्त्र तथा सहायक उद्योगों के लिए सभी आवश्यक ढांचागत सुविधा विकसित की जा रही हैं। इस कपड़ा पार्क में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ ही पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूमि आबंटित की जा चुकी है। तीनों इकाइयां लगभग 445 करोड़ रुपए निवेश करेंगी। निवेश से 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में कपड़ा और सिले-सिलाये कपड़े को प्रमुख के रूप में विशेष प्राथमिकता दी है। रोजगार सृजन को बढ़ावा देने महिला कर्मचारियों के लिए छह हजार रुपए तथा पुरुष कर्मचारियों के लिए पांच हजार रुपए प्रतिमाह की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान किया गया है। नई औद्योगिक नीति के प्रभाव से प्रदेश में पिछले 18 महीनों में आठ लाख करोड़ रूपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे 1.6 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है, ”नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क छत्तीसगढ़ के युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का मजबूत माध्यम बनेगा। हमारी सरकार यहां निवेशकों को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तेजी से कार्य कर रही है…।’’
भाषा संजीव राजकुमार रमण
रमण

Facebook


